
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 29 जनवरी से तीन दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आगाज होने जा रहा है। इस बार का आयोजन पुरानी भीड़भाड़ और अव्यवस्था वाली तस्वीरों से अलग होगा। शासन ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तर्ज पर इसे पूरी तरह डिजिटल और व्यवस्थित बनाया है। सेजबहार स्थित शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक चलने वाले इस मेले में केवल उन्हीं युवाओं को प्रवेश मिलेगा, जिनके पास आधिकारिक एडमिट कार्ड होगा।
15 हजार पदों के लिए 56 हजार दावेदार
इस रोजगार मेले को लेकर प्रदेश के युवाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। 20 जनवरी तक के आंकड़ों के अनुसार, कुल 56,008 युवाओं ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। सबसे ज्यादा आवेदन बिलासपुर जिले से आए हैं, जहां 5,211 युवाओं ने अपनी रुचि दिखाई है। इसके बाद दुर्ग और रायपुर के युवाओं का नंबर आता है। 45 से अधिक निजी कंपनियां इस मेले में हिस्सा लेंगी और योग्य उम्मीदवारों का मौके पर ही चयन कर उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपेंगी।
एडमिट कार्ड में होगा इंटरव्यू का समय और कमरा नंबर
भटकने और लंबी कतारों से बचाने के लिए प्रशासन ने नया सिस्टम लागू किया है। अभ्यर्थियों को पोर्टल के जरिए एडमिट कार्ड जारी किए जा रहे हैं, जिसमें उनके साक्षात्कार का दिन, समय और कमरा नंबर पहले से तय होगा। उम्मीदवारों को उनकी योग्यता और पसंद के क्षेत्र के आधार पर शॉर्टलिस्ट किया गया है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्र, अनुभव पत्र और रोजगार पंजीयन की मूल प्रतियों के साथ दो सेट फोटोकॉपी जरूर लेकर आएं।
जिलेवार तय की गई हैं तारीखें
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सरकार ने संभाग और जिलावार शेड्यूल तय किया है। 29 जनवरी को रायपुर, सरगुजा और कोरिया संभाग के जिलों के अभ्यर्थी शामिल होंगे। 30 जनवरी को दुर्ग और राजनांदगांव संभाग के युवाओं को मौका मिलेगा। मेले के अंतिम दिन यानी 31 जनवरी को बिलासपुर और बस्तर संभाग के उम्मीदवारों के लिए द्वार खुलेंगे। इस तरह तीन दिनों में अलग-अलग क्षेत्रों के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
निःशुल्क प्रक्रिया और जरूरी निर्देश
यह पूरी भर्ती प्रक्रिया युवाओं के लिए पूरी तरह निःशुल्क है। अभ्यर्थियों को रोजगार पोर्टल या आधिकारिक ऐप से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड करना अनिवार्य है। निजी क्षेत्र की नामी कंपनियां आईटी, मार्केटिंग, मैन्युफैक्चरिंग और सर्विस सेक्टर जैसे विभिन्न क्षेत्रों में 15 हजार से ज्यादा रिक्तियों को भरेंगी। युवाओं को अपनी ड्रेस और अनुशासन का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है ताकि वे साक्षात्कार के दौरान कंपनियों पर सकारात्मक प्रभाव डाल सकें।



