
अनूपपुर: छत्तीसगढ़ी फिल्म उद्योग से जुड़े एक गानों के एलबम निर्माता और अभिनेता अजय त्रिपाठी को मध्यप्रदेश की कोतमा थाना पुलिस ने गांजा तस्करी के गंभीर आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अजय त्रिपाठी पिछले चार वर्षों से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ मामला इतना गंभीर था कि उसकी गिरफ्तारी को लेकर मध्यप्रदेश विधानसभा में भी आश्वासन प्रश्न लगाया गया था।

219 किलो गांजा तस्करी का मास्टरमाइंड था अजय त्रिपाठी
कोतमा पुलिस ने पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान के निर्देश पर NDPS एक्ट 2021 के तहत दर्ज मामले में फरार चल रहे अजय त्रिपाठी को गिरफ्तार किया है।
- मामला: यह मामला 17 मार्च 2021 का है। उस समय कोतमा थाना क्षेत्र अंतर्गत केवई पथरौड़ी के पास एक क्षतिग्रस्त अर्टिगा कार से 111 पैकेटों में 219 किलो से अधिक गांजा बरामद किया गया था।
- अन्य आरोपी: इस मामले में कार चालक सोनू उर्फ हेमराज सपहा को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि अभिनेता अजय त्रिपाठी को इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड बताया गया था।
यूपी से हुई गिरफ्तारी, पहले भी जा चुका है जेल
कोतमा थाना प्रभारी निरीक्षक रत्नाम्बर शुक्ल के नेतृत्व में पुलिस ने साइबर टीम की मदद से आरोपी अजय त्रिपाठी को उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले से गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि अजय त्रिपाठी पहले भी ओडिशा के सोहेला थाना क्षेत्र में NDPS एक्ट के एक अन्य मामले में जेल जा चुका है। फिलहाल, आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जहाँ उससे इस पूरे नेटवर्क के बारे में और पूछताछ की जा रही है।



