
मेरठ के चर्चित यूट्यूबर शादाब जकाती एक बार फिर कानूनी मुश्किलों में फंसते नजर आ रहे हैं। छत्तीसगढ़ की रहने वाली एक महिला ने उन पर बंधक बनाने और शारीरिक शोषण करने का संगीन आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक वह फेसबुक और इंस्टाग्राम के लिए वीडियो बनाती है और अपने काम के प्रमोशन के सिलसिले में उसने शादाब से संपर्क किया था। महिला का दावा है कि शादाब ने उसे मेरठ बुलाया और फिर एक स्थान पर कैद कर करीब डेढ़ साल तक डरा-धमकाकर उसके साथ गलत काम किया।
पत्नी पर भी मारपीट में शामिल होने का दावा
पीड़िता ने अपनी शिकायत में केवल शादाब ही नहीं बल्कि उनकी पत्नी को भी आरोपी बनाया है। महिला का कहना है कि विरोध करने पर शादाब की पत्नी उसके साथ मारपीट करती थी। आरोप है कि दोनों ने मिलकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और उसके पति को जान से मारने की धमकी देकर चुप रहने पर मजबूर किया। लंबे समय तक डर के साए में रहने के बाद आखिरकार महिला ने मेरठ के इंचौली थाने पहुंचकर पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई और सुरक्षा की मांग की।
सोशल मीडिया की दोस्ती पड़ी भारी
यह पूरा मामला सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुआ था जो अब पुलिस थाने की दहलीज तक पहुंच गया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि शादाब और उसके साथियों से उसे और उसके परिवार को जान का खतरा है। आरोपी यूट्यूबर पहले भी कई विवादों के कारण चर्चा में रह चुका है। पुलिस अब महिला के दावों की गंभीरता से जांच कर रही है ताकि यह साफ हो सके कि प्रमोशन के नाम पर बुलाकर बंधक बनाने की इस कहानी में कितनी सच्चाई है।
पुलिस खंगाल रही है कॉल रिकॉर्ड और चैट
इंचौली थाना पुलिस ने महिला की तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच तेज कर दी है। पुलिस की टीम दोनों के बीच हुई सोशल मीडिया चैट और कॉल रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि साक्ष्य जुटाए जा सकें। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच और सबूतों के आधार पर जल्द ही एफआईआर दर्ज की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपी शादाब जकाती और उससे जुड़े लोगों से पूछताछ की तैयारी कर रही है ताकि मामले की तह तक पहुंचा जा सके।



