
रायपुर Amrit Bharat Express: छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली पहली अमृत भारत एक्सप्रेस 27 सितंबर को पटरी पर उतर गई। उधना (गुजरात) से ब्रह्मपुर (ओडिशा) के बीच चलने वाली इस नॉन-एसी स्लीपर ट्रेन को ब्रह्मपुर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उधना से रेल मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन 5 अक्टूबर से नियमित सेवा में शामिल हो जाएगी। यात्रियों के लिए टिकट बुकिंग शुरू हो चुकी है।
यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि अमृत भारत एक्सप्रेस आम लोगों को किफायती किराए में आधुनिक सुविधाओं से लैस यात्रा का अनुभव कराएगी। ट्रेन के डिब्बों को नई तकनीक और बेहतर डिजाइन से तैयार किया गया है, ताकि लंबी दूरी की यात्रा आरामदायक हो सके।
इन प्रमुख स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव
उधना से शुरू होकर यह ट्रेन नंदुरबार, जलगांव, भुसावल, बडनेरा, वर्धा, नागपुर, गोंदिया, रायपुर, टिटलागढ़, रायगड़ा, विजयनगरम और पालासा जैसे बड़े स्टेशनों पर रुकेगी। इससे छत्तीसगढ़ समेत मध्य भारत और पूर्वी भारत के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।



