
रायपुर: CG Electricity Theft: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से स्मार्ट मीटर से बिजली चोरी का पहला मामला सामने आया है। ब्राम्हणपारा इलाके में पावर कंपनी की विजिलेंस टीम ने एक उपभोक्ता के मीटर में छेड़छाड़ कर बिजली बायपास करने का खुलासा किया। ऑनलाइन सिस्टम से मिली सूचना के आधार पर 4 जुलाई को जांच कर चोरी की पुष्टि होने पर FIR दर्ज करवाई गई।
स्मार्ट मीटर में छेड़छाड़ का तकनीकी खुलासा
Raipur News: लाखेनगर जोन के ब्राम्हणपारा में उपभोक्ता आलोक शर्मा के घर लगे स्मार्ट मीटर की जांच में पाया गया कि मीटर की बॉडी क्रैक थी और सील टूटी हुई थी। भिलाई की सेंट्रल लैब में 10 जुलाई को जांच हुई, जिसमें पुष्टि हुई कि मीटर के तीनों फेज (आर, वाई, बी) और न्यूट्रल टर्मिनल्स को अतिरिक्त कॉपर वायर से शॉर्ट कर बायपास किया गया था। इस छेड़छाड़ से मीटर वास्तविक खपत की कम रीडिंग दर्ज करता है, जिससे उपभोक्ता का बिल कम आता है।

कड़ी कार्रवाई: जुर्माना, कनेक्शन कटौती और पुलिस शिकायत
CG Electricity Department: बिजली विभाग ने इस चोरी का अनुमान लगाकर उपभोक्ता आलोक शर्मा पर 87,349 रुपये का जुर्माना लगाया और उसका कनेक्शन तुरंत काट दिया। साथ ही लाखेनगर जोन के सहायक यंत्री गुलाब सिंह साहू ने आजाद चौक थाने में विद्युत अधिनियम 2003 एवं 2005 की धाराओं 135 और 138 के तहत FIR दर्ज कराई है। उपभोक्ता इस मामले में छेड़छाड़ के आरोपी की जानकारी नहीं दे पा रहा है।
स्मार्ट मीटर की खासियत
Electricity theft from smart meters: स्मार्ट मीटर से घर बैठे बिजली की खपत का रियल टाइम डेटा प्राप्त किया जा सकता है, जिससे गड़बड़ी का तुरंत पता चलता है और बिलिंग में पारदर्शिता आती है। यह तकनीक बिजली चोरी रोकने में भी मददगार साबित होती है।



