
First Hindi Film in CG: छत्तीसगढ़, जिसे आमतौर पर उसकी लोक-संस्कृति और बोली-बानी के लिए जाना जाता है, अब हिन्दी फिल्म निर्माण के क्षेत्र में भी बड़ा कदम रख चुका है। अब तक छत्तीसगढ़ी फिल्मों के लिए चर्चित रही ये भूमि पहली बार पूरी तरह से हिन्दी फीचर फिल्म लेकर सामने आई है। इस फिल्म का नाम है – ‘जानकी – भाग 1 (Janki Chapter 1)’, जिसका निर्देशन किया है कौशल उपाध्याय ने और इसे मोहित साहू ने प्रोड्यूस किया है।
Janki Movie 2025: फिल्म की कहानी में छत्तीसगढ़ी मिट्टी की खुशबू है और प्रस्तुति पूरी तरह हिन्दी सिनेमा की है। यानी कह सकते हैं कि छॉलीवुड से अब बॉलीवुड तक पहुंचने की एक सुंदर कोशिश की गई है।
“काहे रोए” – कैलाश खेर की आवाज़ में भावुकता का रंग
इस फिल्म का एक बेहद प्रेरणादायक गीत है “काहे रोए”, जिसे आवाज़ दी है मशहूर बॉलीवुड सिंगर कैलाश खेर ने। गाने के बोल और उसकी आत्मा में गहराई है, और यह सुनने वालों को भीतर तक झकझोर देता है। यह गीत केवल एक संगीत ट्रैक नहीं, बल्कि फिल्म की आत्मा से जुड़ा भाव है।
छॉलीवुड से बॉलीवुड की ओर – एक ऐतिहासिक पहल
Janki Movie Release Date: छत्तीसगढ़ी सिनेमा, जिसे लोकप्रिय तौर पर छॉलीवुड कहा जाता है, उसका इतिहास 1965 से शुरू होता है जब पहली छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘कहि देबे सन्देस’ आई थी। इसके बाद 1972 में ‘घर-द्वार’ और 2000 में पहली रंगीन छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘मोर छइयां भुइयां’ आई। अब करीब 25 सालों की इस यात्रा के बाद पहली बार छत्तीसगढ़ी निर्माता-निर्देशक एक हिंदी फिल्म लेकर आ रहे हैं, जो 13 जून 2025 को पूरे देश में रिलीज होगी।
कलाकारों की मजबूत टीम और छत्तीसगढ़ी संस्कृति का प्रतिनिधित्व
फिल्म में जानकी की भूमिका में अनिकृति चौहान और रघु के किरदार में दिलेश साहू नजर आएंगे। इनके साथ फिल्म में जीत शर्मा, नीरज उइके, नितिन ग्वाला, अमित गोस्वामी, सुमित्रा साहू, अनुनय शर्मा, दीवाना पटेल, मोहित जोशी, पप्पू चंद्राकर, तेजराम साहू और अमर दास लहरे भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।

म्यूजिक और आवाज़ों का दमदार मेल
फिल्म का संगीत दिया है छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय संगीतकार तोषांत कुमार और मोनिका वर्मा ने। वहीं गानों को आवाज़ दी है कैलाश खेर, शान, जावेद अली, देव नेगी, नक्श अजीज और मोनिका वर्मा ने।
फिल्म में खास बात यह है कि इसमें बॉलीवुड के प्रसिद्ध वॉइस आर्टिस्ट संकेत म्हात्रे ने रघु और पायल विशाल ने जानकी के किरदार को आवाज़ दी है।बैकग्राउंड म्यूजिक में मनोहर यादव, वीएफएक्स में प्रवीर दास और कोरियोग्राफी में बाबा बघेल जैसे अनुभवी नाम जुड़ रहे हैं।
तकनीकी टीम और निर्माण पक्ष भी दमदार
फिल्म के एडिटर हैं गौरांग त्रिवेदी, एक्शन डिजाइन और प्रोड्यूसिंग की जिम्मेदारी मोहित साहू ने संभाली है। साथ ही फिल्म के को-प्रोड्यूसर के रूप में गजेन्द्र देवांगन, आशीष कुमार गोयल और रवि माहवार का सहयोग भी रहा है।
छत्तीसगढ़ से निकलकर देश के दिल तक पहुंचने की कोशिश
‘जानकी – भाग 1’ सिर्फ एक फिल्म नहीं है, यह छत्तीसगढ़ के फिल्ममेकर्स का एक सपना है जिसे हिन्दी सिनेमा के परदे पर साकार किया गया है। इसमें न केवल एक नई शुरुआत है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ की संस्कृति, कला और कलाकारों को राष्ट्रीय मंच पर लाने का गंभीर प्रयास भी है।
13 जून को रिलीज हो रही इस फिल्म को देखना न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश के लिए गौरव की बात होगी। अब देखना यह है कि यह छॉलीवुड से बॉलीवुड की उड़ान कितनी ऊँचाई तक जाती है।



