हाई प्रोफाइल हंगामा: पूर्व गृहमंत्री के बेटे ने दुकान में घुसाई कार, थाने में रसूख दिखाकर गाड़ी समेत हुआ फरार

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सत्ता और रसूख के नशे में चूर एक नेता पुत्र की दबंगई का मामला सामने आया है। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित इतवारी बाजार में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पूर्व गृहमंत्री के बेटे ने नशे की हालत में अपनी तेज रफ्तार कार एक दुकान में घुसा दी। इस हादसे में दुकान को भारी नुकसान पहुंचा है। चश्मदीदों के मुताबिक, कार सवार युवक इस कदर नशे में था कि उसने मौके पर मौजूद लोगों के साथ न केवल बदसलूकी की, बल्कि मारपीट पर भी उतारू हो गया।

‘पूर्व विधायक’ लिखी कार से मचाया कोहराम: गाली-गलौज और मारपीट का आरोप

हादसे का मुख्य आरोपी संदीप कंवर बताया जा रहा है, जो उस वक्त कार चला रहा था। गौर करने वाली बात यह है कि जिस कार से यह एक्सीडेंट हुआ, उस पर “पूर्व विधायक रामपुर” की पट्टी लगी हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार की रफ्तार बहुत ज्यादा थी और चालक का गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रहा, जिससे वह सीधे दुकान के शटर को तोड़ते हुए भीतर जा घुसी। घटना के बाद जब स्थानीय लोगों ने विरोध किया, तो संदीप ने अपने पिता के पद का रौब दिखाते हुए लोगों को गालियां देनी शुरू कर दीं।

थाने में भी नहीं रुकी दबंगई: पुलिसवालों से की बदतमीजी

बाजार में हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी संदीप कंवर को हिरासत में लेकर कोतवाली थाने ले आई। लेकिन पुलिस का खौफ आरोपी के चेहरे पर बिल्कुल नहीं दिखा। आरोप है कि थाने के भीतर भी उसने घंटों तक हाई वोल्टेज ड्रामा किया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से अभद्र व्यवहार किया। सूत्रों के मुताबिक, संदीप ने पुलिस को चुनौती देते हुए कहा कि “जो करना है कर लो, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।” हद तो तब हो गई जब वह पुलिस को धता बताते हुए थाने से ही अपनी गाड़ी लेकर फरार हो गया।

खाकी बनाम रसूख: पीड़ित परिवार की बेटी खुद पुलिस विभाग में तैनात

इस पूरे मामले में एक मोड़ तब आया जब पता चला कि जिस दुकान को आरोपी ने क्षतिग्रस्त किया है, उस परिवार की बेटी खुद छत्तीसगढ़ पुलिस में आरक्षक (Constable) के पद पर तैनात है। पुलिस परिवार से जुड़े होने के बावजूद आरोपी ने उनके साथ दुर्व्यवहार करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। अब यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है कि जब पुलिस के अपने परिवार सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता का क्या होगा। फिलहाल, पीड़ित पक्ष ने कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल: कैसे भागा आरोपी?

थाने से गाड़ी लेकर फरार होने की घटना ने स्थानीय पुलिस की भूमिका को भी सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है। लोग सोशल मीडिया पर पूछ रहे हैं कि आखिर हिरासत में लिया गया आरोपी इतनी आसानी से गाड़ी समेत थाने से कैसे निकल गया। क्या यह पुलिस की ढिलाई थी या किसी बड़े राजनीतिक दबाव का नतीजा? फिलहाल, कोरबा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दावा किया जा रहा है कि फरार आरोपी की तलाश के लिए टीमें भेजी गई हैं।

Also Read: अपनों के वार से छत्तीसगढ़ सरकार मुश्किल में: ननकीराम कंवर ने पीएम मोदी से की शिकायत, PWD विभाग पर लगाए गंभीर आरोप

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button