
रायपुर: शारदीय नवरात्र के मौके पर मां बम्लेश्वरी के भक्तों के लिए खास इंतजाम किया गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को रायपुर के आकाशवाणी चौक स्थित मां काली मंदिर से डोंगरगढ़ जाने वाली नि:शुल्क बस सेवा की शुरुआत की। इस सेवा से श्रद्धालुओं को बिना खर्च किए रायपुर से डोंगरगढ़ तक दर्शन के लिए पहुंचने की सुविधा मिलेगी।
पूरे नवरात्र चलेगी सेवा
कालीमाता सेवा समिति द्वारा संचालित यह सुविधा नवरात्र के नौ दिनों तक जारी रहेगी। रोजाना चार बसें रायपुर से भक्तों को डोंगरगढ़ ले जाएंगी और दर्शन के बाद वापस रायपुर लाएंगी। शुभारंभ मौके पर मुख्यमंत्री ने करीब दो सौ श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने दी नवरात्र की शुभकामनाएं
सीएम साय ने कहा कि समिति पिछले दस वर्षों से लगातार यह सेवा चला रही है। उन्होंने इसे धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता का प्रतीक बताया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को नवरात्र की शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह सेवा उन लोगों के लिए मददगार साबित होगी, जो दूर स्थित मंदिर तक नहीं पहुंच पाते।

अन्य सुविधाओं का भी जिक्र
मुख्यमंत्री ने हाल ही में शुरू की गई राजिम-रायपुर मेमू ट्रेन का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे भी श्रद्धालुओं को मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए अधिक सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में शामिल रहे कई जनप्रतिनिधि
इस मौके पर गृहमंत्री विजय शर्मा ने समिति से एक बस कवर्धा से डोंगरगढ़ तक चलाने का आग्रह किया। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, विधायक सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।



