
Gangrel Dam Tourism: छत्तीसगढ़ का प्रसिद्ध गंगरेल बांध (रविशंकर सागर जलाशय) मानसून की बारिश के बाद अपनी पूरी रंगत में आ गया है। जलभराव बढ़ने के साथ ही यहां पर्यटकों की आवाजाही भी काफी बढ़ गई है। विशाल जलराशि और आसपास की हरियाली के बीच वाटर स्पोर्ट्स और एडवेंचर गतिविधियों का मजा लेने के लिए रोजाना बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। बांध का नजारा इन दिनों किसी तटीय पर्यटन स्थल जैसा अहसास करा रहा है।
लबालब भरा गंगरेल बांध
Gangrel Dam Adventure: गंगरेल बांध की कुल जलधारण क्षमता 32.150 टीएमसी है, जिसके मुकाबले वर्तमान में लगभग 29 टीएमसी यानी 88 प्रतिशत पानी भर चुका है। जलाशय का जलस्तर बढ़कर 347.74 मीटर तक पहुंच गया है। अब बांध को पूरी तरह भरने के लिए महज 0.96 मीटर पानी की और जरूरत है। कैचमेंट एरिया में हो रही लगातार बारिश से बांध में 862 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है, जबकि 400 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
दूर-दूर से पहुंचे पर्यटक
Gangrel Tourism News: वीकेंड पर धमतरी जिले के साथ-साथ मध्य प्रदेश, बिहार और राजस्थान जैसे पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में सैलानी यहां पहुंच रहे हैं। पर्यटक यहां पहुंचकर सबसे पहले प्रसिद्ध माता अंगारमोती के दर्शन कर रहे हैं, जिसके बाद बांध के किनारे बने व्यू प्वाइंट्स से हरी-भरी पहाड़ियों और जलभराव के सुंदर दृश्यों का आनंद ले रहे हैं। दूसरे राज्यों से आए श्रद्धालुओं और पर्यटकों का कहना है कि धार्मिक दर्शन के साथ प्राकृतिक सुंदरता का ऐसा संगम दुर्लभ है।
वाटर स्पोर्ट्स का क्रेज
Chhattisgarh Tourism: गंगरेल पहुंचने वाले युवाओं और परिवारों के लिए वाटर स्पोर्ट्स मुख्य आकर्षण बना हुआ है। सैलानी यहां पैरासेलिंग, फ्लाईबोर्ड, ऑक्टेन, जॉर्बिंग बॉल, बनाना राइड, कयाक, पीडब्ल्यूसी बाइक और 100 सीटर शिप की सवारी का लुत्फ उठा रहे हैं। पानी के बीच रोमांचक गतिविधियों की सुविधा होने के कारण युवा वर्ग इस स्थल को ‘मिनी गोवा’ कहकर पसंद कर रहा है।
एडवेंचर कैंप में भीड़
जल क्रीड़ा के अलावा स्थल पर बने एडवेंचर कैंप में भी युवाओं की भारी मौजूदगी देखी जा रही है। एचवेंडर कैंप में वॉल क्लाइंबिंग, कमांडो नेट, रैपलिंग और जिपलाइन जैसी साहसिक गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। इन खेलों में हिस्सा लेने के लिए पर्यटकों को अपनी बारी का इंतजार तक करना पड़ रहा है।
बच्चों के लिए आकर्षण
पारिवारिक माहौल को ध्यान में रखते हुए बच्चों के मनोरंजन के विशेष इंतजाम किए गए हैं। बच्चों के लिए किड्स बैटल बोर्ड, नवग्रह गार्डन, झूले और पैडल बोर्ड जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। परिजनों के साथ आए बच्चे इन गतिविधियों का जमकर लुत्फ उठा रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।
Also Read: धमतरी का मांदागिरी पर्वत बनेगा नया टूरिस्ट स्पॉट, ट्रेकिंग और एडवेंचर की मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं



