स्मार्ट मीटर से बिजली बिल जमा करने के लिए हो जाएं तैयार: जल्द शुरू होगा प्रीपेड रिचार्ज सिस्टम

धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी संभाग में बिजली की खपत पर नज़र रखने और चोरी पर लगाम लगाने के लिए स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। धमतरी संभाग में कुल 1.8 लाख स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य रखा गया है। बिजली विभाग के ईई एके सोनी ने बताया कि अब तक 86,000 घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, जबकि 22,000 मीटर लगाने का काम तेजी से जारी है। विभाग ने 31 दिसंबर 2025 तक इस लक्ष्य को हर हाल में पूरा करने का संकल्प लिया है, जिसके लिए कर्मचारियों के माध्यम से काम किया जा रहा है।

लक्ष्य पूरा न होने से आगे बढ़ी रिचार्ज की तारीख

बिजली विभाग ने पहले 1 जून 2024 से ट्रायल के तौर पर प्रीपेड रिचार्ज सिस्टम को शुरू करने की योजना बनाई थी, लेकिन लक्ष्य के अनुसार मीटर नहीं लग पाने के कारण इसकी तिथि को आगे बढ़ा दिया गया। अधिकारी ने बताया कि धमतरी संभाग में कुल 36,000 हजार स्मार्ट मीटर और लगाने हैं और इसके लिए युद्धस्तर पर कार्ययोजना बनाकर काम किया जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि मीटर लगाने का काम पूरा होने के बाद अगले एक या दो महीने में ही प्रीपेड रिचार्ज सिस्टम शुरू किया जा सकता है।

स्मार्टफोन की सिम जैसा होगा स्मार्ट मीटर का फंक्शन

स्मार्ट मीटर एक प्रकार का डिजिटल मीटर है, जिसमें मोबाइल में लगने वाली सिम कार्ड की तरह एक चिपयुक्त सिम लगा होता है। वर्तमान में उपभोक्ताओं को मैनुअल मीटर रीडिंग के आधार पर बिजली का बिल दिया जा रहा है। लेकिन जल्द ही, सिम को रिचार्ज करने पर ही उपभोक्ता बिजली का उपयोग कर पाएंगे। मीटर लगाने के समय प्रत्येक उपभोक्ता का मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड किया गया है। विभाग द्वारा एक अलग एप्लीकेशन (मोर बिजली ऐप अपडेट) लॉन्च किया जाएगा, जिसके माध्यम से उपभोक्ता किसी भी यूपीआई से बीपी नंबर डालकर एक मिनट में स्मार्ट मीटर को रिचार्ज कर सकेंगे।

7 दिन पहले आएगा रिचार्ज खत्म होने का अलर्ट मैसेज

स्मार्ट मीटर में एक छोटा मॉडम लगा होगा, जिसे सर्वर के साथ उपभोक्ताओं के मोबाइल से कनेक्ट किया जाएगा। इस व्यवस्था से उपभोक्ताओं को हर समय यह जानकारी मिलती रहेगी कि उनके पास कितना बैलेंस बचा है और वे कितनी यूनिट बिजली का उपयोग कर सकते हैं। इसके अलावा, रिचार्ज खत्म होने के 7 दिन पहले ही उपभोक्ताओं के फोन पर बैलेंस रिचार्ज का मैसेज भेज दिया जाएगा।

क्रेडिट बैलेंस की सुविधा भी मिलेगी

बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं को सुविधा देते हुए यह प्रावधान भी रखा है कि रिचार्ज खत्म होने के बाद भी ₹300 तक का क्रेडिट उन्हें दिया जाएगा। इस क्रेडिट पीरियड के दौरान उपभोक्ताओं को अपना मीटर रिचार्ज कराना होगा। जब उपभोक्ता अगली बार रिचार्ज कराएंगे, तो यह क्रेडिट रकम उनके बैलेंस से काट ली जाएगी। यह सुविधा अचानक बिजली कटने की स्थिति से बचने में उपभोक्ताओं की मदद करेगी।

Also Read: Road Accident : कोरबा में मंत्री लखनलाल देवांगन के काफिले की गाड़ी पलटी, इस वजह से हुआ दुर्घटना

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button