
धमतरी में लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता संतोष नेताम की शनिवार सुबह अचानक मौत हो गई। खबर फैलते ही विभाग और प्रशासन के अधिकारी तुरंत नर्सिंग होम पहुंचे। इस अप्रत्याशित घटना ने सभी को हैरान कर दिया।
रात में सोने गए थे, सुबह नहीं मिले होश में
जानकारी के अनुसार संतोष नेताम शुक्रवार रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोए थे। सुबह जब कर्मचारी उन्हें जगाने गया तो कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। तुरंत अधिकारियों को सूचना दी गई और उन्हें नजदीकी गुप्ता नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उनकी मौत की पुष्टि कर दी।
अस्पताल में उमड़े अधिकारी और जनप्रतिनिधि
मौत की खबर मिलते ही महापौर रामू रोहरा, कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, एसपी सूरज सिंह परिहार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंच गए। उनकी पत्नी, जो दुर्ग कोर्ट में न्यायाधीश हैं, भी तुरंत धमतरी पहुंचीं। अस्पताल परिसर में पीडब्ल्यूडी कर्मचारियों, ठेकेदारों और विभिन्न जिलों के अधिकारियों की भी भीड़ रही।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ होगा असली कारण
संतोष नेताम के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। डॉक्टरों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही यह पता चलेगा कि उनकी जान कैसे गई।
कांकेर के नथिया नवागांव में होगा अंतिम संस्कार
परिवार ने बताया कि संतोष नेताम का अंतिम संस्कार रविवार को कांकेर जिले के नथिया नवागांव में किया जाएगा। उनकी अचानक मौत से विभाग के कर्मचारियों और परिचितों में गहरा दुख है।
Also Read: CG Dhan Kharidi: धान खरीदी में लापरवाही पर बड़ा एक्शन, समिति प्रभारी बर्खास्त



