
कोंडागांव: CG Crime News: भाई-बहन का रिश्ता यूं तो सबसे भरोसेमंद और पवित्र माना जाता है। लेकिन छत्तीसगढ़ के कोंडागांव में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने इस रिश्ते को ही शर्मसार कर दिया। यहां एक युवक ने अपनी सगी बहन के साथ बीते दो सालों से जो किया, वो न सिर्फ कानूनन अपराध है, बल्कि इंसानियत के मुंह पर तमाचा भी।
जब अपना ही बना शोषक
Sister Rape Case: कोंडागांव की रहने वाली 19 साल की एक युवती ने अपने सगे भाई पर दो वर्षों तक शारीरिक शोषण का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक, जब वह महज़ 17 साल की थी, तभी से उसका बड़ा भाई उसके साथ जबरन संबंध बना रहा था। मामला यहीं नहीं रुका, इस दौरान वह गर्भवती भी हो गई और एक बार गर्भपात भी करवाया गया।
डर के साये में बीते दो साल, फिर भी जुटाया हौसला
दो साल तक चुप रहने के बाद, आखिरकार पीड़िता ने घर छोड़ दिया। लगातार मानसिक और शारीरिक पीड़ा से तंग आकर वह पांच दिन तक घर से लापता रही। लेकिन फिर हिम्मत दिखाते हुए सिटी कोतवाली कोण्डागांव पहुंची और अपनी दर्दभरी दास्तां पुलिस को सुनाई।
पुलिस ने की तुरंत कार्रवाई
Kondagaon Crime: पुलिस ने लड़की की शिकायत पर तुरंत एक्शन लिया और आरोपी भाई को हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ और मेडिकल प्रक्रिया के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और IPC की कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
अब सवाल समाज से भी
इस घटना ने एक बार फिर सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर हमारे समाज में ऐसा क्या है, जो एक भाई को हैवान बना देता है? क्या डर, चुप्पी और सामाजिक दबाव इस कदर हावी हैं कि बेटियां अपने ही घर में सुरक्षित नहीं?
यदि आप या आपके आसपास कोई इस तरह की स्थिति में है, तो चुप न रहें। अपनी बात कहें, शिकायत दर्ज करें। मदद के लिए ये नंबर हमेशा खुले हैं:
- महिला हेल्पलाइन: 1091
- बाल सुरक्षा हेल्पलाइन: 1098



