
CG NHM Protest: छत्तीसगढ़ में नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) कर्मचारियों की हड़ताल लगातार जारी है। सरकार और अधिकारी बार-बार अपील कर रहे हैं कि वे हड़ताल खत्म कर काम पर लौट आएं, लेकिन कर्मचारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।
सड़क पर रुके मंत्री, 15 मिनट तक सुनी समस्याएं
Raipur News: रविवार को मनेंद्रगढ़ में एक कार्यक्रम से लौटते समय स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की नजर धरना दे रहे एनएचएम कर्मचारियों पर पड़ी। उन्होंने तुरंत गाड़ी रुकवाई और प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की। करीब 15 मिनट तक सड़क पर खड़े रहकर मंत्री ने उनकी समस्याएं सुनीं। जायसवाल ने कर्मचारियों से कहा कि उनकी 10 में से 5 मांगों को स्वास्थ्य विभाग पहले ही मान चुका है और जल्द इसका आदेश जारी किया जाएगा। मंत्री ने कर्मचारियों से अपील की कि वे सरकार की बात पर भरोसा करें।

कर्मचारियों की समस्याओं को हल करने रायपुर में अहम बैठक
Minister Shyam Bihari Jaiswal Statement: मंत्री जायसवाल ने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी बाकी मांगों पर चर्चा सोमवार को रायपुर में होने वाली बड़ी बैठक में की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों की समस्याओं को हल करने के लिए गंभीर है और सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे।
कर्मचारियों का बोले आदेश की प्रतीक्षा
कर्मचारियों का कहना है कि अब तक उनकी किसी भी मांग से जुड़े आदेश उन्हें प्राप्त नहीं हुए हैं। यही वजह है कि वे हड़ताल खत्म करने को तैयार नहीं हैं। उनका साफ कहना है कि जब तक लिखित आदेश नहीं मिलता, वे आंदोलन जारी रखेंगे।

NHM कर्मचारियों की 10 सूत्रीय मांगें
एनएचएम कर्मचारी लंबे समय से 10 प्रमुख मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इनमें शामिल हैं–
- संविलियन और स्थायीकरण
- पब्लिक हेल्थ कैडर की स्थापना
- नियमित भर्ती में आरक्षण
- कार्य मूल्यांकन प्रणाली में पारदर्शिता
- मेडिकल अवकाश की सुविधा
- लंबित 27% वेतन वृद्धि
- न्यूनतम 10 लाख तक कैशलेस स्वास्थ्य बीमा
- ग्रेड पे का निर्धारण
- अनुकंपा नियुक्ति
- स्थानांतरण की स्पष्ट नीति
प्रमुख मुद्दे– नियमितीकरण और ग्रेड पे
Manendragarh News: कर्मचारियों की सबसे बड़ी मांग नियमितीकरण और स्थायीकरण की है। वे चाहते हैं कि उन्हें स्थायी कर्मचारियों जैसी सुविधाएं और वेतन मिले। इसके अलावा ग्रेड पे निर्धारण, पब्लिक हेल्थ कैडर की स्थापना और अनुकंपा नियुक्ति जैसी मांगों को भी प्रमुखता से उठाया जा रहा है।
आंदोलन से प्रभावित स्वास्थ्य सेवाएं
एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल से राज्य के कई हिस्सों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। खासकर ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में इसका असर ज्यादा दिखाई दे रहा है। अब सबकी नजर सोमवार को रायपुर में होने वाली बैठक पर है, जिससे तय होगा कि सरकार और कर्मचारी किसी नतीजे पर पहुंचते हैं या आंदोलन आगे बढ़ता है
Also Read: CG Cabinet Meeting: 9 सितंबर को साय कैबिनेट की पहली बैठक, सभी 14 मंत्री होंगे शामिल



