
चिरमिरी: Road Accident: छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल बुधवार को सड़क हादसे में सुरक्षित बच गए। जानकारी के मुताबिक, मंत्री अपने जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने चिरमिरी जा रहे थे, तभी उनकी कार एक ट्रक से टकरा गई।
हादसे का विवरण
Health Minister Road Accident: यह घटना चिरमिरी के छठ घाट स्थित मंगलम होटल के पास हुई। बताया जा रहा है कि मंत्री की फॉर्च्यूनर कार मोड़ पर अचानक सामने आए ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और जोरदार आवाज सुनकर आसपास अफरा-तफरी मच गई।

मंत्री और सुरक्षाकर्मी सुरक्षित
गाड़ी में मौजूद स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल और उनके साथ चल रहे जवान हादसे में सुरक्षित रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर अचानक हुई, लेकिन बड़ा नुकसान टल गया। मंत्री के सुरक्षित रहने की खबर से समर्थकों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
कार्यक्रम में शामिल हुए मंत्री
हादसे के बाद जायसवाल अपने निर्धारित कार्यक्रम की ओर रवाना हो गए और जन्मदिन पर आयोजित आयोजन में शामिल हुए। फिलहाल पुलिस ने ट्रक और चालक की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।



