धमतरी गंगरेल और सोंढुर बांध से भारी जल निकासी, प्रशासन ने दी सतर्क रहने की अपील

धमतरी: लगातार हो रही बारिश से जिले के बड़े जलाशय भर गए हैं, जिसके चलते प्रशासन ने गंगरेल और सोंदूर बांध से लाखों क्यूसेक पानी छोड़ा है। जिला कलेक्टर ने आम लोगों से अपील की है कि वे नदी किनारों पर अनावश्यक रूप से न जाएं और उफनते नाले पार करने से बचें।

गंगरेल और सोंदूर से छोड़ा जा रहा पानी

कार्यपालन अभियंता के मुताबिक, रविशंकर सागर बांध (गंगरेल) में रात भर की भारी बारिश के कारण 27,000 क्यूसेक पानी की आवक दर्ज की गई। जलाशय पूर्ण भराव स्तर पर पहुंच गया, जिसके चलते पहले नदी में 27,000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जबकि अब यह घटाकर 14,000 क्यूसेक किया गया है। हालात के अनुसार जल निकासी और बढ़ाई भी जा सकती है।
इसी तरह सोंदूर जलाशय से भी 6,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

बढ़ रहा है जलस्तर, खतरे की आशंका

भारी निकासी के चलते नदी और नालों में जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। प्रशासन ने कहा कि ऐसी स्थिति में भीड़भाड़ और पर्यटकों की आवाजाही दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है।

सुरक्षा बलों की तैनाती

जिला प्रशासन ने बताया कि रविशंकर सागर बांध (गंगरेल), मुरुमसिल्ली बांध, न्यू रूद्री बैराज और सोंदूर बांध सभी पूर्ण भराव की स्थिति में हैं।
सावधानी बरतने के लिए प्रत्येक प्रमुख बांध स्थल पर दो-दो सुरक्षा बल तैनात किए जा रहे हैं। इससे न केवल भीड़ को नियंत्रित किया जाएगा, बल्कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मदद पहुंचाई जा सकेगी।

प्रशासन की अपील है कि लोग अनावश्यक रूप से नदी किनारों पर न जाएं, उफनते नाले पार करने से बचें और पूरी तरह सावधानी बरतें।

Also Read: धमतरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण सड़क हादसा: कार-बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत, दो गंभीर

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button