
धमतरी के अर्जुनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भखारा रोड पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। रायपुर की ओर से आ रही एक कार और सामने से जा रहे तेज रफ्तार ट्रक के बीच देमार गांव के पास आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। इस हादसे में कार सवार एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत परिवार के चार अन्य सदस्य लहूलुहान हो गए।
टोल बचाने के चक्कर में जा रही जान
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि धमतरी-रायपुर मार्ग पर स्थित टोल टैक्स से बचने के लिए भारी वाहन इस वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करते हैं। टोल के पैसे बचाने के लालच में ट्रक चालक संकरी सड़क पर भी वाहनों को बेहद तेज रफ्तार में चलाते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। दो दिन पहले ही इसी इलाके में एक अन्य बुजुर्ग की जान गई थी, जिसके बाद आज फिर एक ही परिवार के सदस्य इस लापरवाही का शिकार हो गए।

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सड़क पर लगाया जाम
हादसे की खबर फैलते ही देमार गांव के ग्रामीण बड़ी संख्या में सड़क पर उतर आए और चक्काजाम कर दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क के दोनों ओर पत्थर और लकड़ियां रखकर आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी। लोगों की मांग थी कि इस ब्लैक स्पॉट पर तत्काल स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं और तेज रफ्तार ट्रकों की एंट्री पर लगाम कसी जाए। प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
पुलिस और एंबुलेंस ने किया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे के तुरंत बाद हाईवे पेट्रोलिंग और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से कार के मलबे में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल धमतरी जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया है। घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने मृतक के शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्रशासनिक आश्वासन के बाद खुला रास्ता
चक्काजाम की सूचना मिलते ही सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी और कई थानों के प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अफसरों को बुलाने पर अड़े रहे। मौके पर पहुंचे पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने जब लिखित रूप में आश्वासन दिया कि गांव के पास जल्द ही ब्रेकर और सुरक्षा संकेत लगाए जाएंगे, तब कहीं जाकर ग्रामीणों ने जाम हटाया और यातायात बहाल हो सका।
सड़क सुरक्षा माह के बीच बढ़ते हादसे
हैरानी की बात यह है कि एक ओर पुलिस प्रशासन सड़क सुरक्षा माह मनाकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर रहा है, वहीं दूसरी ओर धमतरी की सड़कों पर खून बहना बंद नहीं हो रहा है। पखांजूर निवासी यह परिवार रायपुर से अपने घर लौट रहा था, तभी सुबह करीब 9:30 बजे यह अनहोनी हो गई। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। विभाग अब इस मार्ग पर भारी वाहनों की गति सीमा तय करने पर विचार कर रहा है।



