
कुरुद: गंगरेल बांध से पानी छोड़े जाने और क्षेत्र में हो रही लगातार बारिश के कारण कठौली के आसपास के गाँवों की सैकड़ों एकड़ फसल पानी में डूब गई है। इस बड़े नुकसान से गुस्साए किसानों ने इसके लिए महानदी पर दुलना के पास गलत डिज़ाइन से बने एनीकट को जिम्मेदार ठहराते हुए कुरुद-राजिम मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इस प्रदर्शन के कारण सड़क पर घंटों आवागमन बाधित रहा। स्थिति बिगड़ते देख, कुरुद और राजिम के तहसीलदार तत्काल मौके पर पहुँचे और आंदोलनकारी किसानों को समझाने का प्रयास किया।

दुलना एनीकट की गलत डिजाइन पर फूटा गुस्सा
कुरुद विधानसभा के अंतिम छोर पर स्थित ग्राम पंचायत कठौली, धूमा और राजिम तहसील के पटेवा, दुलना समेत अन्य गाँवों के सैकड़ों किसानों ने पूठ्ठा फैक्ट्री के पास सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस चक्काजाम के कारण मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

आंदोलनकारी किसानों ने बताया कि जब से महानदी में दुलना एनीकट बना है, उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं। किसान गौकरण साहू, पूनेद्रदेव साहू, छत्रपाल और अन्य ने आरोप लगाया कि बारिश या बांध से पानी छोड़े जाने की स्थिति में आसपास के गाँवों की करीब एक हज़ार एकड़ की फसल पूरी तरह जलमग्न हो जाती है। किसानों का कहना है कि उन्होंने एनीकट की गलत डिज़ाइन और गेट में सुधार की माँग को लेकर पहले भी कई बार प्रशासन से शिकायत की है, लेकिन कोई हल नहीं निकला। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि इस समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो उन्हें बड़ा नुकसान उठाना पड़ेगा।
Also Read: धमतरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण सड़क हादसा: कार-बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत, दो गंभीर



