
धमतरी जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को पारदर्शी और सुचारू रखने के लिए कलेक्टर के निर्देश पर गठित उड़नदस्ता दल लगातार निगरानी कर रहा है। कृषि, खाद्य, सहकारिता, राजस्व और मंडी विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम कोचियों और बिचौलियों द्वारा किए जा रहे अवैध भंडारण और परिवहन पर विशेष नजर रख रही है। इसी सतर्कता के दौरान 17 अक्टूबर से 19 नवंबर के बीच कुल 17 प्रकरण दर्ज किए गए। दल ने 784 क्विंटल अवैध धान जब्त किया है जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16 लाख 54 हजार रुपये है। प्रशासन के अनुसार यह कार्रवाई खरीदी व्यवस्था को व्यवस्थित रखने की दिशा में अहम कदम है।
प्रकरणवार जब्त धान की जानकारी
कार्रवाई के दौरान अलग अलग स्थानों से धान जप्त किया गया। इसमें अजय कुमार भखारा से 12.8 क्विंटल, वासुदेव साहू कोलियारी से 4 क्विंटल, सतराम साहू मगरलोड से 16 क्विंटल, मोतीलाल देवांगन अमाली से 12 क्विंटल और उदित नारायण सिन्हा फरसिया से 15 क्विंटल धान जब्त किया गया। इसी तरह राजकुमार महावर और अमित ट्रेडर्स कुरूद से 12.8 क्विंटल, योगेश कुमार साहू बेलरगांव से 6.4 क्विंटल, मुन्नालाल चंद्रवंशी बासीखाई से 12.4 क्विंटल और चूरामणि साहू परसापानी से 16.8 क्विंटल धान कब्जे में लिया गया।

इसके अलावा भाऊराम साहू झरातराई से 14.8 क्विंटल, मिथलेश कुमार और मेसर्स सूर्या राइस मिल देवपुर से 176 क्विंटल, शिवकुमार कोरोम गट्टासिल्ली से 12 क्विंटल और चदूलाल चोपड़ा तथा पियूष ट्रेडर्स बेलरगांव से 82 क्विंटल धान जब्त हुआ। रामाराव बघेल न्यू पूजा राइस मिल सिहावा से 105 क्विंटल, भानुराम साहू बेलरगांव से 60 क्विंटल, सीताराम साहू घटकेल से 106 क्विंटल और संतोष खंडेलवाल घटकेल से 120 क्विंटल धान भी सुरक्षित किया गया।
प्रशासन ने सख्ती जारी रखने का भरोसा दिया
जिला प्रशासन ने कहा है कि न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी में किसी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उड़नदस्ता दल आगे भी लगातार निगरानी और आवश्यक कार्रवाई करता रहेगा ताकि किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य मिले और खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बनी रहे।
Also Read: राजनांदगांव में लव जिहाद का आरोप, साहू समाज और हिंदू संगठन का हंगामा



