
छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली ट्रेनों के परिचालन पर एक बार फिर ब्रेक लग गया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के राजनांदगांव-कलमना रेलखंड के बीच तीसरी लाइन को जोड़ने का काम किया जाना है। इस आधुनिक कनेक्टिविटी कार्य के लिए तुमसर रोड यार्ड में नॉन इंटरलॉकिंग का काम होगा। इस वजह से 24 से 31 जनवरी तक रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित रहेगा। रेलवे प्रशासन ने साफ किया है कि इस विकास कार्य के चलते कुल 14 ट्रेनों को पूरी तरह रद्द किया गया है जबकि कई अन्य ट्रेनों के रूट में बदलाव किया गया है।
रद्द होने वाली प्रमुख ट्रेनों की सूची
तुमसर रोड यार्ड में चलने वाले काम के कारण बिलासपुर और नागपुर रूट की लोकल और मेमू ट्रेनें सबसे ज्यादा प्रभावित हुई हैं। इससे रोजाना सफर करने वाले नौकरीपेशा और छोटे व्यापारियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
| ट्रेन नंबर | ट्रेन का नाम | रद्द रहने की अवधि |
| 58817/58816 | तुमसर रोड-तिरोडी-तुमसर रोड पैसेंजर | 24 से 31 जनवरी |
| 58815/58818 | इतवारी-तिरोडी-तुमसर रोड पैसेंजर | 24 से 31 जनवरी |
| 68715/68714 | बालाघाट-इतवारी-बालाघाट मेमू | 24 से 31 जनवरी |
| 68741/68742 | दुर्ग-गोंदिया-दुर्ग मेमू | 28 से 31 जनवरी |
| 68743/68744 | गोंदिया-इतवारी-गोंदिया मेमू | 28 से 31 जनवरी |
| 68711/68712 | डोंगरगढ़-गोंदिया-डोंगरगढ़ मेमू | 28 से 31 जनवरी |
| 68713/68716 | गोंदिया-इतवारी-गोंदिया मेमू | 28 से 31 जनवरी |
बीच रास्ते में समाप्त होंगी ये गाड़ियां
कुछ ट्रेनों को पूरी तरह रद्द न करके उनके रूट को छोटा कर दिया गया है। 24 से 31 जनवरी के बीच तुमसर रोड-तिरोडी और बालाघाट-तिरोडी डेमू ट्रेनें अपने निर्धारित स्टेशन तक नहीं पहुंचेंगी। ये गाड़ियां गोबरवाही स्टेशन पर ही अपनी यात्रा समाप्त करेंगी और वहीं से वापस रवाना होंगी। यानी गोबरवाही से तुमसर रोड के बीच रेल सेवा उपलब्ध नहीं रहेगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) पर जरूर चेक कर लें।
शिवनाथ और हावड़ा एक्सप्रेस के समय में बदलाव
ब्लॉक के कारण केवल मेमू या पैसेंजर ट्रेनें ही नहीं बल्कि कुछ एक्सप्रेस गाड़ियों पर भी असर पड़ेगा। 29 जनवरी को इतवारी से चलने वाली शिवनाथ एक्सप्रेस इतवारी और तुमसर रोड के बीच 30 मिनट रोककर चलाई जाएगी। इसी तरह 31 जनवरी को अहमदाबाद से हावड़ा जाने वाली एक्सप्रेस को भी इतवारी और गोंदिया के बीच करीब 40 मिनट नियंत्रित किया जाएगा। ट्रेनों के इस तरह विलंब से चलने के कारण आगे की कनेक्टिंग ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है।



