
रायपुर: IND vs SA Match Ticket Booking: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 3 दिसंबर को नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले दूसरे वनडे मैच के लिए दूसरे चरण की ऑनलाइन टिकट बुकिंग आज 28 नवंबर को शाम 5 बजे से फिर से शुरू की जाएगी। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ ने इस बुकिंग की जिम्मेदारी TicketGenie.in को दी है। इससे पूर्व 22 नवंबर को पहले चरण की बुकिंग मात्र 16 मिनट में ही बंद कर दी गई थी, जिसमें 18 हजार टिकटों की बुकिंग का दावा संघ ने किया था।
सर्वर जाम के खतरे से बंद हुई थी पहले चरण की बुकिंग
संघ के डायरेक्टर विजय शाह ने बताया था कि बुकिंग साइट www.ticketgini.in पर एकाएक बढ़े दबाव के कारण सर्वर जाम होने का खतरा था, इसलिए पहले चरण की साइट बंद कर दी गई थी। अब दूसरे चरण की बुकिंग आज शाम 5 बजे से शुरू होगी। इस चरण में भी एक आईडी पर केवल चार टिकटें ही दी जाएंगी, ताकि अधिकतम लोगों को मैच देखने का मौका मिल सके और कालाबाजारी रोकी जा सके।
ऑनलाइन बुकिंग के बाद फिजिकल टिकट ऐसे करें प्राप्त
टिकट बुक होने के बाद इसके फिजिकल टिकट प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन बुक कराने वालों को अपने स्मार्टफोन के साथ राजधानी के बूढ़ातालाब स्थित इंडोर स्टेडियम के काउंटर में आना होगा। यह काउंटर 24 नवंबर से खोला गया है, जो 2 दिसंबर को शाम तक जारी रहेगा। 50 हजार से अधिक दर्शक क्षमता वाले अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में क्रिकेट संघ ने कुल 46 हजार टिकटों की बिक्री की जानकारी दी थी।
12 हजार से अधिक फिजिकल टिकट काउंटर से जारी
22 नवंबर को पहले चरण में 18 हजार टिकट बुक कराने वालों में से अब तक 70 फीसदी यानी 12,600 टिकटें काउंटर से जारी हो गई हैं। शहर से बाहर के दर्शकों के लिए एजेंसी की ओर से दूसरे शहरों में काउंटर का इंतजाम नहीं किया गया है, जिससे उन्हें टिकट लेने के लिए रायपुर आना पड़ रहा है। इस बीच 3 दिसंबर को क्रिकेट स्टेडियम के आसपास भी फिजिकल टिकट मिलेगी या नहीं, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।
दर्शकों की भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था रहेगी अहम
यह वनडे मैच रायपुर के लिए खास है। दूसरे चरण की बुकिंग शुरू होने के बाद बाकी बची हुई टिकटों के लिए फिर से भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। मैच के मद्देनजर दर्शकों की भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था अहम होगी। प्रशासन को टिकट वितरण और मैच के दिन स्टेडियम के आसपास भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुख्ता इंतजाम करने होंगे।
Also Read: छत्तीसगढ़ के युवक को विराट कोहली और डिविलियर्स का आया कॉल, गांव में खुशी की लहर



