भारत-न्यूजीलैंड टी-20: रायपुर में बिछ रही ‘पिच नंबर-5’ की बिसात, सुरक्षा ऐसी कि परिंदा भी पर न मार सके

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबले की मेजबानी के लिए तैयार है। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में 23 जनवरी को भारत और न्यूजीलैंड की टीमें टी-20 सीरीज के दूसरे मैच में आमने-सामने होंगी। इस हाई-प्रोफाइल मुकाबले के लिए प्रशासन और छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ ने कमर कस ली है। मैदान की तैयारियों से लेकर खिलाड़ियों की सुरक्षा और दर्शकों की सुविधाओं तक, हर पहलू पर बारीकी से काम किया जा रहा है।

मुकाबले के लिए सेंट्रल पिच-5 तैयार, बहाया जा रहा हजारों लीटर पानी

स्टेडियम में मैच के लिए पिच और आउटफील्ड को अंतिम रूप देने का काम युद्धस्तर पर जारी है। ग्राउंड स्टाफ की 40 लोगों की टीम दिन-रात मेहनत कर रही है। स्टेडियम में मौजूद 10 पिचों में से बिल्कुल बीचोंबीच स्थित ‘पिच नंबर-5’ को मुख्य मुकाबले के लिए तैयार किया गया है। इसके अतिरिक्त, कॉर्नर की पिचें (नंबर 1-2 और 9-10) दोनों टीमों के नेट प्रैक्टिस सेशन के लिए बनाई जा रही हैं। तेज धूप और गर्मी के कारण आउटफील्ड की नमी बरकरार रखने के लिए रोजाना करीब 80 हजार लीटर पानी का इस्तेमाल किया जा रहा है ताकि खिलाड़ियों को बेहतरीन मैदान मिल सके।

22 जनवरी को रायपुर पहुंचेंगे दिग्गज, शाम को करेंगे नेट प्रैक्टिस

नागपुर में सीरीज का पहला मैच खेलने के बाद, भारत और न्यूजीलैंड के खिलाड़ी 22 जनवरी को चार्टर प्लेन से रायपुर पहुंचेंगे। टीम इंडिया के ठहरने की व्यवस्था होटल कोर्टयार्ड में की गई है, जबकि कीवी टीम के होटल मायरा में रुकने की संभावना है। कार्यक्रम के अनुसार, 22 जनवरी की शाम को ही दोनों टीमें स्टेडियम में अभ्यास के लिए उतर सकती हैं। इस दौरान छत्तीसगढ़ के स्थानीय गेंदबाजों को अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजों के सामने गेंदबाजी करने का सुनहरा मौका मिलेगा। मैच वाले दिन यानी 23 जनवरी की सुबह भी टीमें हल्का अभ्यास कर सकती हैं। यह मुकाबला शाम 7 बजे शुरू होगा।

सुरक्षा का ‘फुलप्रूफ’ प्लान: बाउंसरों की कुंडली खंगाली, वॉलिंटियर्स को बॉडीकैम

पुराने अनुभवों से सीख लेते हुए इस बार सुरक्षा व्यवस्था को बेहद कड़ा किया गया है। कलेक्टर गौरव सिंह और पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सुरक्षा में कोई चूक नहीं होनी चाहिए। स्टेडियम में दर्शकों और वीआईपी गैलरी की सुरक्षा के लिए 500 से अधिक निजी गार्ड और बाउंसर तैनात किए जाएंगे। पुलिस इन सभी बाउंसरों का पुराना रिकॉर्ड खंगाल रही है और आपराधिक पृष्ठभूमि वाले किसी भी व्यक्ति को ड्यूटी पर नहीं रखा जाएगा। किसी भी तरह के विवाद की स्थिति से निपटने और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए वॉलिंटियर्स बॉडीकैम लगाकर तैनात रहेंगे। इसके अलावा, दर्शकों को मैदान में कूदने से रोकने के लिए जाली को इस तरह बांधा जाएगा कि अधिक वजन पड़ते ही वह टूट जाए।

वनडे जैसा क्रेज नहीं, अभी भी टिकट बाकी; दर्शकों के लिए नियम तय

रायपुर में टी-20 मैच को लेकर उत्साह तो है, लेकिन यह पिछले वनडे मुकाबले जैसा ऐतिहासिक नहीं दिख रहा है। पिछली बार जहां टिकट कुछ ही मिनटों में बिक गए थे, वहीं इस बार बुकिंग शुरू होने के पांच दिन बाद भी कुछ स्टैंड्स (जैसे अपर जनरल स्टैंड 6 और लोअर स्टैंड 2) के टिकट उपलब्ध हैं। हालांकि, आयोजकों का दावा है कि लगभग 40 हजार टिकट बिक चुके हैं। मैच देखने आने वाले दर्शकों के लिए नियम सख्त रहेंगे। स्टेडियम में बाहरी खाना-पीना ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित होगा। केवल नवजात शिशुओं के लिए दूध और पानी ले जाने की छूट मिलेगी। दर्शकों के लिए निशुल्क पानी के कूलर लगे होंगे और कैंटीन में तय रेट पर ही सामान मिलेगा।

होटलों के दाम आसमान पर, टीम इंडिया के लिए खास डाइट मेन्यू

अंतरराष्ट्रीय मैच के चलते रायपुर के होटलों में कमरों की मांग जबरदस्त तरीके से बढ़ी है, जिसका असर किराए पर भी पड़ा है। सामान्य दिनों में 12 से 13 हजार रुपये में मिलने वाले कमरों का किराया मैच के दिनों (22-23 जनवरी) के लिए 25 से 30 हजार रुपये तक पहुंच गया है। खिलाड़ियों के खानपान का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। बीसीसीआई द्वारा निर्धारित डाइट चार्ट के अनुसार ही होटल के शेफ टीम इंडिया के लिए खाना तैयार करेंगे। मैच के दिन खिलाड़ियों का खाना होटल से सीधे स्टेडियम पहुंचाया जाएगा। प्रशासन ने आपदा प्रबंधन और आग से बचाव के इंतजामों को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए हैं।

Also Read: PWD का ‘ओपन चैलेंज’: सड़क पर गड्ढा दिखाओ, विभाग को बताओ, 31 जनवरी तक छत्तीसगढ़ होगा चकाचक

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button