
Jaundice Outbreak: छत्तीसगढ़ के भिलाई स्टील प्लांट (BSP) टाउनशिप के सेक्टर-7 में पीलिया तेजी से पैर पसार रहा है। विशेष रूप से सड़क संख्या 37 से 40 के बीच की स्थिति बेहद गंभीर हो गई है, जहां अब तक करीब 22 बच्चे इस खतरनाक बीमारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से आधा दर्जन बच्चों की हालत बिगड़ने पर उन्हें निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। दो बच्चों को गंभीर स्थिति में आईसीयू (ICU) तक ले जाना पड़ा, जिन्हें सुधार के बाद अब सामान्य वार्ड में शिफ्ट किया गया है। स्थानीय निवासी इस अचानक फैली बीमारी से डरे हुए हैं।
नलों से आ रहा मटमैला पानी और इल्लियां
Bhilai News: क्षेत्र के रहवासियों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से नलों के जरिए दूषित पानी की सप्लाई की जा रही है। घरों में जमा पानी की स्थिति देखकर ही उसकी खराब गुणवत्ता का अंदाजा लगाया जा सकता है। लोगों का कहना है कि नलों से न केवल मटमैला पानी आ रहा है, बल्कि उसमें छोटे-छोटे कीड़े और इल्लियां भी तैरती नजर आ रही हैं। पीलिया मुख्य रूप से दूषित जल के सेवन से फैलता है और इस तरह के गंदे पानी की आपूर्ति ने बीमारी के फैलने की आशंका को पूरी तरह सच साबित कर दिया है।
जार का पानी खरीदने को मजबूर हुए निवासी
ईंधन और राशन के खर्च के बीच अब सेक्टर-7 के लोगों पर साफ पानी खरीदने का अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी आ पड़ा है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि पिछले दो सालों से पानी की समस्या बनी हुई थी, लेकिन पिछले 15 दिनों में हालात बदतर हो गए हैं। छोटे बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए लोग अब बाहर से पैसों में फिल्टर वाला पानी (पानी के जार) खरीदने को मजबूर हैं। लोगों का कहना है कि सरकारी नल का पानी अब पीने तो क्या, नहाने के लायक भी नहीं बचा है। घर-घर में बच्चों के बीमार होने से परिवारों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता
पीलिया के मामले बढ़ने की सूचना मिलते ही भिलाई नगर निगम के स्वास्थ्य और जल विभाग की टीम हरकत में आई है। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया और करीब दर्जनभर घरों से पानी के नमूने जांच के लिए इकट्ठा किए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी हिमांशु श्रीवास्तव ने बताया कि सैंपलों को लैब भेजा जा रहा है ताकि संदूषण के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके। फिलहाल प्रभावित इलाके में क्लोरीन की गोलियां बांटी जा रही हैं और लोगों को पानी उबालकर पीने की सलाह दी गई है।
Also Read: भिलाई स्टील प्लांट में लगी अचानक भीषण आग: टर्बाइन सेक्शन में लगी आग, 5 कर्मचारी घायल, मची अफरा-तफरी



