
Cyber Fraud: धमतरी के एक प्रतिष्ठित व्यापारी के साथ साइबर ठगों ने बड़ी चालाकी से करीब 20 लाख रुपये की चपत लगा दी। अमलताशपुरम निवासी शिव अग्रवाल, जो स्टील ट्रेडिंग का कारोबार करते हैं, मशहूर ब्रांड ‘नेचुरल आइसक्रीम’ की फ्रेंचाइजी लेने के चक्कर में ठगों के जाल में फंस गए। ठगों ने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताकर व्यापारी का भरोसा जीता और अलग-अलग किस्तों में मोटी रकम अपने बैंक खातों में ट्रांसफर करवा ली। पैसे मिलते ही आरोपियों ने अपने फोन बंद कर दिए, जिसके बाद पीड़ित ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
2023 के पुराने आवेदन को बनाया ठगी का हथियार
यह मामला तब शुरू हुआ जब शिव अग्रवाल ने साल 2023 में नेचुरल आइसक्रीम की डीलरशिप के लिए कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन किया था। करीब दो साल तक कोई जवाब न मिलने के बाद अचानक दिसंबर 2025 में उनके पास अज्ञात नंबरों से कॉल आने लगे। ठगों के पास व्यापारी के आवेदन की पूरी जानकारी पहले से मौजूद थी, जिससे पीड़ित को उन पर शक नहीं हुआ। फोन करने वाले शख्स ने कंपनी की प्रक्रिया का हवाला देते हुए सिक्योरिटी डिपॉजिट और रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर पैसे मांगे।
एक हफ्ते के भीतर 19.5 लाख रुपये किए ट्रांसफर
शातिर ठगों ने पीड़ित को इस कदर अपने प्रभाव में लिया कि व्यापारी ने महज सात दिनों के भीतर एक बड़ी पूंजी उनके हवाले कर दी। 9 दिसंबर से लेकर 15 दिसंबर 2025 के बीच शिव अग्रवाल ने आरोपियों द्वारा बताए गए विभिन्न खातों में कुल 19 लाख 49 हजार 999 रुपये जमा कर दिए। जब पूरी रकम ट्रांसफर हो गई और डीलरशिप का कोई आधिकारिक पत्र नहीं मिला, तब पीड़ित ने उन नंबरों पर वापस संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन सभी मोबाइल और लैंडलाइन नंबर बंद मिले।
पुलिस जांच में जुटी, संगठित गिरोह की आशंका
धमतरी पुलिस ने पीड़ित की लिखित शिकायत पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल की मदद से उन बैंक खातों और मोबाइल लोकेशन को ट्रैक किया जा रहा है, जिनका इस्तेमाल इस वारदात में हुआ। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस ठगी के पीछे किसी बड़े अंतर्राज्यीय गिरोह का हाथ हो सकता है, जो बड़ी कंपनियों की वेबसाइट से डेटा चोरी कर व्यापारियों को अपना शिकार बनाता है। पुलिस ने शहर के अन्य व्यापारियों को भी सतर्क रहने और किसी भी अनजान कॉल पर पैसे न भेजने की सलाह दी है।
Also Read: Fake IT Raid: धमतरी में फर्जी इनकम टैक्स टीम का भंडाफोड़, पुलिस ने 12 सदस्य किए गिरफ्तार



