
Dhamtari Crime: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में दिवाली के बाद मातर मड़ई कार्यक्रम के दौरान एक युवक की बेरहमी से चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। युवक का शव खून से सना हुआ कार्यक्रम स्थल से करीब 200 मीटर दूर मिला। वारदात के बाद गांव में दहशत फैल गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कार्यक्रम स्थल से कुछ दूरी पर मिला शव
घटना धमतरी जिले के केरेगांव थाना क्षेत्र के माकरदोना गांव की है, जहां 24 अक्टूबर को मातर मड़ई का आयोजन हुआ था। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने युवक पर चाकू से एक के बाद एक कई वार किए। पुलिस के अनुसार युवक पर 5 से अधिक बार चाकू से हमला किया गया। मृतक की पहचान ग्राम झूरातराई निवासी भानु प्रताप मांडवी (24) के रूप में हुई है।

आटा चक्की में करता था काम
Dhamtari News: भानु प्रताप मांडवी, रामदयाल मांडवी का बेटा था और धमतरी शहर में आटा चक्की में काम करता था। वह 23 अक्टूबर को घर से यह कहकर निकला था कि वह काम पर जा रहा है। अगले दिन यानी 24 अक्टूबर को वह अपने चाचा पुनूराम मांडवी के घर माकरदोना गांव मातर मड़ई में शामिल होने आया था। इसके बाद देर रात उसकी हत्या कर दी गई।
चाकू के कई वार से हुई मौत
मृतक के भाई राकेश मांडवी ने बताया कि भानु प्रताप के शरीर पर चाकू से कम से कम पांच घाव थे, जिनमें से दो दिल के पास थे। पुलिस को आशंका है कि हमलावरों ने जानबूझकर घातक वार किए। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिनमें खून के निशान और चाकू के निशान शामिल हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपी फरार
घटना के बाद केरेगांव थाना पुलिस ने आसपास के इलाकों में छानबीन शुरू कर दी है। एसडीओपी और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि घटना देर रात करीब 11 बजे के आसपास हुई होगी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
गांव में मातर मड़ई का उत्सव मातम में बदल गया है। लोग इस वारदात से हैरान हैं और पुलिस से जल्द आरोपियों को पकड़ने की मांग कर रहे हैं।



