
Korba Transgender Clash: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक टिप्पणी को लेकर शुरू हुई जुबानी जंग ने देखते ही देखते खतरनाक मोड़ ले लिया। दीपका चौक पर दिनदहाड़े किन्नर समाज के सदस्यों और एक पिता-पुत्र के बीच भीषण मारपीट हो गई। लगभग 10 मिनट तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे में दोनों ओर से जमकर लात-घूंसे चले, डंडे लहराए गए और चाकूबाजी की घटना भी सामने आई। इस खूनी झड़प का वीडियो किसी राहगीर ने अपने कैमरे में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पान दुकान के पास छिड़ा विवाद, टिप्पणी बनी बवाल की वजह
जानकारी के मुताबिक, यह पूरी घटना दीपका थाना क्षेत्र के व्यस्त दीपका चौक की है।रोज की तरह किन्नर समाज के लोग ढोलक की थाप पर आसपास की दुकानों में बधाई मांग रहे थे।इसी दौरान वे चौक स्थित संजय पान पैलेस पहुंचे, जहां किसी बात पर कसी गई फब्ती को लेकर वहां मौजूद पंकज सिंह और किन्नरों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्ष सड़क पर ही आपस में भिड़ गए।
पिता पर हमला होते देख पहुंचा बेटा, उसके साथ भी हुई हाथापाई
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आक्रोशित किन्नरों ने पंकज सिंह पर डंडे और धारदार हथियार से हमला बोल दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। अपने पिता के साथ सड़क पर मारपीट की खबर मिलते ही उनका बेटा प्रतीक सिंह भी तुरंत मौके पर पहुंचा। पिता को बचाने की कोशिश में वह भी इस हिंसा की चपेट में आ गया और उसके साथ भी जमकर हाथापाई की गई।
चौक पर अफरा-तफरी, दुकानदारों ने गिराए शटर
करीब 10 मिनट तक बीच सड़क पर चले इस उपद्रव के कारण बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास के कई व्यवसायियों ने सुरक्षा के लिहाज से अपनी दुकानों के शटर नीचे गिरा दिए, वहीं राहगीरों ने भी दूरी बनाने में ही अपनी भलाई समझी।झड़प के दौरान पान दुकान के बाहर लगी टीन शेड और लकड़ी का अस्थाई ढांचा तक टूटकर गिर गया।
वीडियो वायरल होने के बाद पड़ताल में जुटी पुलिस
घटना के वक्त मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरी वारदात का वीडियो बना लिया, जो अब इंटरनेट पर सुर्खियां बटोर रहा है।पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। प्राथमिक स्तर पर दोनों पक्षों को शांत रहने की हिदायत दी गई है। पुलिस वायरल वीडियो और स्थानीय साक्ष्यों के आधार पर मामले की प्राथमिक पड़ताल में जुट गई है, ताकि मुख्य आरोपियों की पहचान की जा सके।
Also Read: धमतरी के श्यामतराई के मकान में चल रहा था देह व्यापार, पुलिस रेड के बाद ग्रामीणों ने किया हंगामा



