
कुरुद विधायक अजय चंद्राकर के सतत प्रयासों के फलस्वरूप नगर पंचायत कुरुद में अधोसंरचना विकास के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग एवं नगरीय प्रशासन और विकास विभाग द्वारा 3 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। यह राशि विशेष रूप से कुरुद नगर के बाईपास रोड स्थित जे.डी. कॉलोनी के सामने रंगमंच और बाउंड्रीवाल निर्माण हेतु आवंटित की गई है।
विधायक चंद्राकर ने जताया आभार
कुरुद विधायक अजय चंद्राकर ने इस महत्वपूर्ण विकास कार्य की स्वीकृति पर उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साहू तथा वृत्त मंत्री श्री ओमप्रकाश चौधरी का कुरुदवासियों की ओर से आभार एवं अभिनंदन व्यक्त किया है।
विधायक चंद्राकर ने कहा कि इस स्वीकृति से नगरवासियों को सांस्कृतिक, धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के लिए एक सुसज्जित और सुव्यवस्थित मंच प्राप्त होगा, जिससे स्थानीय गतिविधियों को नई दिशा और गति मिलेगी। साथ ही, नगर की सांस्कृतिक पहचान को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने में भी यह निर्माण अहम भूमिका निभाएगा।
“विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता” — विधायक
विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सक्षम नेतृत्व में न केवल कुरुद, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में समावेशी और बहुआयामी विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि अधोसंरचना विकास के लिए मिली यह स्वीकृति उसी विजन की दिशा में एक ठोस और महत्वपूर्ण कदम है, जो क्षेत्र की आवश्यकताओं और जनता की अपेक्षाओं को पूरा करेगा।



