
छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र में पेश किए गए प्रथम अनुपूरक बजट वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुरुद विधानसभा क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी मिल गई है। कुरुद विधायक अजय चंद्राकर के लगातार प्रयासों के चलते कुरुद विधानसभा क्षेत्र के लिए यह ऐतिहासिक सौगात हासिल हुई है। इस बजट में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना से लेकर कॉलेज छात्रावास और जल वितरण योजनाओं तक के लिए लगभग 80 करोड़ रूपये की राशि स्वीकृत की गई है, जिससे क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।
औद्योगिक क्षेत्र और शैक्षणिक संस्थानों के लिए मिला बड़ा फंड
कुरुद विधानसभा के लिए स्वीकृत राशि में नवीन औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना हेतु सबसे बड़ी राशि शामिल है। ग्राम करेलबड़ी और भालुझुलन में नवीन औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना के तहत अधोसंरचना निर्माण कार्य के लिए प्रत्येक को 2566.47 लाख रुपये की मंजूरी मिली है। इसके साथ ही, शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुरुद में छात्रावास भवन निर्माण के लिए 272.81 लाख और शासकीय नवीन महाविद्यालय सिलौटी में भवन निर्माण के लिए 100.00 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। नवीन आईटीआई जीजामगांव की स्थापना के लिए भी 100.00 लाख रुपये और 8 पदों का सृजन किया गया है।
कुरूद और भखारा-भठेली में जल आपूर्ति सुदृढीकरण हेतु फंड
नगरपालिका परिषद कुरूद और नगर पंचायत भखारा-भठेली में जल आपूर्ति की योजनाओं को सुदृढ़ करने के लिए भी बड़ी राशि को मंजूरी मिली है। नगर पालिका परिषद् कुरूद में योजना का स्त्रोत सुदृढीकरण एवं नगर के नवीन विस्तार क्षेत्रों में अतिरिक्त पाईप लाईन विस्तार कार्य के लिए 769.81 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। वहीं, नगर पंचायत भखारा-भठेली में इसी तरह के जल सुधार कार्यों हेतु सबसे अधिक 1614.00 लाख रुपये की राशि स्वीकृत हुई है। इन विकास कार्यों से विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा।

क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री और विधायक का जताया आभार
कुरुद विधानसभा क्षेत्र के लिए मिली इन करोड़ों रुपये की मंजूरी को लेकर क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने इस ऐतिहासिक सौगात के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी और कुरुद विधायक अजय चंद्राकर जी का आभार व्यक्त किया है और सभी को बधाई दे रहे हैं। यह राशि विधानसभा क्षेत्र में रोजगार सृजन और जीवन स्तर को बेहतर बनाने में मदद करेगी।



