विधायक अजय चंद्राकर के प्रयास से कुरुद नगर पंचायत को मिला नगर पालिका का दर्जा, स्थानीय लोगों ने जताया आभार

धमतरी: कुरुद को अब आधिकारिक रूप से नगर पालिका का दर्जा मिल गया है। छत्तीसगढ़ शासन ने 13 अगस्त 2025 को राजपत्र में अधिसूचना जारी कर यह घोषणा की। लंबे समय से चल रही इस मांग के पूरा होने के बाद क्षेत्र में खुशी और संतोष का माहौल है। यह दर्जा मिलने में विधायक अजय चंद्राकर की भूमिका को अहम माना जा रहा है।

चार दशक बाद मिली नई पहचान

1984 में ग्राम पंचायत से नगर पंचायत बना कुरुद, अब करीब 41 साल बाद नगर पालिका बन गया है। इस निर्णय को प्रशासनिक बदलाव के साथ-साथ विकास के नए अवसर के रूप में देखा जा रहा है। नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर ने नगर परिषद की बैठक में पालिका निर्माण का प्रस्ताव रखा था, जिसे सभी पार्षदों ने सर्वसम्मति से पारित किया। इसके बाद विधायक अजय चंद्राकर ने इस प्रस्ताव को राज्य शासन तक पहुंचाया।

विधायक अजय चंद्राकर के प्रयास से मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम ने दी मंजूरी

रायपुर में आयोजित एक कार्यशाला के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव को प्रस्ताव सौंपा था, जिसमें कुरुद को नगर पालिका बनाने के सभी जरूरी दस्तावेज शामिल थे। सरकार ने इस पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए जल्द कार्रवाई की और प्रक्रिया पूरी होने के बाद राजपत्र में अधिसूचना जारी कर दी गई।

बजट में इजाफा, सुविधाओं में सुधार की उम्मीद

2011 की जनगणना के अनुसार, कुरुद की जनसंख्या 13,783 है। अब जब इसे नगर पालिका का दर्जा मिल चुका है, तो विकास फंड में बढ़ोतरी तय है। इससे क्षेत्र में सड़क, जल आपूर्ति, स्वच्छता, रोजगार और शहरी योजनाओं के क्रियान्वयन में गति आएगी। नगर पालिका बनने के बाद शासन की योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन संभव होगा और संसाधनों का लाभ सीधे जनता तक पहुंचेगा।

अध्यक्ष ने जताया आभार

नगर पालिका की पहली अध्यक्ष बनने जा रहीं ज्योति भानु चंद्राकर ने कहा कि यह दर्जा कुरुद की जनता की बरसों की मांग थी। उन्होंने कहा, “राज्य सरकार ने हमारे प्रस्ताव को गंभीरता से लिया और उसे मंजूरी देकर जनता को बड़ी सौगात दी है। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और विधायक अजय चंद्राकर का आभार व्यक्त करती हूं।”

वहीं विधायक अजय चंद्राकर ने भी इस निर्णय को कुरुद के लिए मील का पत्थर बताया और कहा कि यह सिर्फ एक दर्जा नहीं, बल्कि विकास की दिशा में बड़ा कदम है।

कोई फेरबदल नहीं, सब कुछ यथावत रहेगा

नगर पालिका बनने के बाद किसी वार्ड का परिसीमन नहीं किया जाएगा और न ही किसी निर्वाचित पार्षद या अध्यक्ष में कोई बदलाव होगा। मुख्य नगर पालिका अधिकारी महेंद्र राज गुप्ता ने बताया कि शासन के आदेश के तहत पुरानी सीमाएं, वार्ड और जनगणना के आंकड़े ही लागू रहेंगे।

अब तक 6 अध्यक्षों ने किया नेतृत्व

कुरुद में नगर पंचायत बनने के बाद से अब तक 6 अध्यक्ष रह चुके हैं। इनमें राजकुमारी दीवान पहली अध्यक्ष थीं। इसके बाद निरंजन सिन्हा दो बार अध्यक्ष बने। फिर ज्योति भानु चंद्राकर, रविकांत चंद्राकर, तपन संजय चंद्राकर और अब एक बार फिर ज्योति भानु चंद्राकर ने अध्यक्ष पद संभाला है। अब वह कुरुद की पहली नगर पालिका अध्यक्ष कहलाएंगी।

क्षेत्र में जश्न का माहौल

नगर पालिका का दर्जा मिलने के बाद कुरुद में उत्सव जैसा माहौल है। जगह-जगह बधाई संदेश दिए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने इसे विकास की दिशा में एक बड़ी शुरुआत बताया है। नगर पालिका बनने पर नगर परिषद के सभी जनप्रतिनिधिगण और कर्मचारीगण ने नगर के गणमान्य नागरिकों के साथ नगर पंचायत कार्यालय के सामने आतिशबाजी कर मिठाई खिलाकर जश्न मनाया गया अब सभी की निगाहें इस बात पर होंगी कि कैसे और कितनी तेजी से विकास कार्यों में बदलाव आता है और योजनाओं का लाभ धरातल पर नजर आता है।

Also Read: विधायक चंद्राकर के प्रयासों से कुरूद को मिली बड़ी सौगात, 100 बिस्तरों वाले नवीन अस्पताल भवन निर्माण के लिए 17.84 करोड़ की मिली मंजूरी

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button