
धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक तेंदुआ मुर्गी के लालच में शहर से लगे ग्राम मोहलाई स्थित पोल्ट्री फार्म के एक केज में घुस गया। यह घटना 26 नवंबर की रात लगभग 9 बजे हुई, जहाँ सैकड़ों मुर्गियाँ पाली जा रही थीं। पोल्ट्री फार्म के भीतर तेंदुआ लगभग तीन घंटे तक रहा, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। तेंदुए ने कई मुर्गियों को मार डाला, जिसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और वन विभाग की टीमों को सूचना दी।
तीन घंटे की मशक्कत के बाद जंगल की ओर भागा तेंदुआ
जानकारी मिलने पर वन विभाग की टीम दल-बल के साथ मौके पर पहुँची और तेंदुए को पकड़ने में जुटी रही। एसडीओ मनोज विश्वकर्मा ने बताया कि तेंदुआ फार्म के दरवाजे या ऊपर लगे टिन शेड के खुले होने की वजह से अंदर घुस गया होगा। लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद, वन विभाग की टीम ने फार्म के एक तरफ का दरवाजा खोलकर लोगों को दूसरी तरफ किया, जिसके बाद तेंदुआ निकलकर जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद ही ग्रामीणों ने राहत की साँस ली।
तेंदुआ देखने उमड़ी भीड़, इलाके में मचा हड़कंप
पोल्ट्री फार्म में तेंदुआ के घुसने की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों में हड़कंप मच गया था। तेंदुए को केज के अंदर देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। वन विभाग ने भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी संभावित खतरे से बचने के लिए लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की थी।
वन विभाग की ग्रामीणों से सावधानी बरतने की अपील
धमतरी जिले के वनांचल क्षेत्रों में वन्य प्राणियों की चहलकदमी लगातार बढ़ती जा रही है। पूर्व में भी तेंदुआ नगरी, केरेगांव और धमतरी क्षेत्र में नजर आ चुका है। वन विभाग ने आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। वन विभाग ने लोगों से अंधेरे में अकेले बाहर न निकलने और पालतू जानवरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है।
देखिये वीडियो-
वन्यजीवों के रिहायशी इलाकों में आने का सिलसिला जारी
यह घटना इस बात की ओर इशारा करती है कि वन्यजीव अब भोजन की तलाश में रिहायशी इलाकों की ओर बढ़ रहे हैं। मुर्गी फार्म में तेंदुए का घुसना जंगल के सिकुड़ने और मानव-वन्यजीव संघर्ष के बढ़ते खतरे को दर्शाता है। वन विभाग तेंदुए की गतिविधि पर नजर रखे हुए है।



