DEO ऑफिस में गायब पाए गए अधिकारी-कर्मचारी, कलेक्टर के निरीक्षण से मचा हड़कंप; 5 कर्मचारियों पर गिरी गाज
महासमुंद: महासमुंद जिले में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने राज्य शासन के गाइडलाइन के उल्लंघन को लेकर कड़ा एक्शन लिया है। बुधवार सुबह 9.55 बजे कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया, और इस दौरान पांच कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इस निरीक्षण के बाद कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
अनुपस्थित पाए गए पांच कर्मचारी
उपस्थित कर्मचारियों की सूची में कलेक्टर ने जब कार्यालय के कर्मचारियों की उपस्थिति पंजी की जांच की, तो पांच कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इनमें मुख्य लिपिक एल.आर. तारम, वरिष्ठ लेखा परीक्षक एस.जे. कुरैशी, सहायक ग्रेड-01 चैन सिंह दीवान, सहायक ग्रेड-02 मनोज पुरी गोस्वामी, और डाटा एंट्री ऑपरेटर श्याम लाल साहू शामिल थे। कलेक्टर ने इस अनुशासनहीनता पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इन कर्मचारियों को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने का आदेश जिला शिक्षा अधिकारी को दिया।
कलेक्टर ने कड़ी चेतावनी दी
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने स्पष्ट रूप से कहा कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसी स्थिति में सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी बी.आर. सावंत को भी निर्देश दिए कि कार्यालय में अनुशासन बनाए रखा जाए और सभी कर्मचारी समय पर उपस्थित रहें। कलेक्टर ने इस बात को दोहराया कि सरकारी कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा स्वीकार्य नहीं होगी।
सतत निरीक्षण से कार्यालयों में सुधार
यह कदम कलेक्टर द्वारा शासकीय कार्यालयों के लगातार दौरे और निरीक्षण का हिस्सा है, जिनसे प्रशासनिक कार्यों में कसावट आ रही है। कलेक्टर खुद निर्धारित समय से पहले कार्यालय पहुंचकर कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली की जांच करते हैं। उनके इस निरीक्षण से कार्यालयों में कर्मचारियों की उपस्थिति में सुधार देखा जा रहा है, और कामकाजी माहौल में भी अनुशासन की भावना बढ़ी है। इस निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ एस. आलोक भी कलेक्टर के साथ थे।
Also Read: CG PSC घोटाला: टामन सोनवानी के साले और पत्नी गिरफ्तार, करोड़ों की ठगी का खुलासा