गर्भवती को लेने निकली महतारी एक्सप्रेस: चालक ने शराब पीकर सड़क पर खड़ी कर दी एंबुलेंस, सेवा से बर्खास्त

कोरबा: कोरबा जिले के हरदीबाजार क्षेत्र में एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहाँ गर्भवती महिला को अस्पताल पहुँचाने के लिए निकली महतारी एक्सप्रेस (डायल 102) का चालक शराब पीकर रास्ते में ही सो गया। हरदीबाजार के कोरबी-धूतरा गाँव निवासी एक गर्भवती महिला को अस्पताल पहुँचाने के लिए डायल 112 पर कॉल किया गया था, जिसके बाद हरदीबाजार लोकेशन पर मौजूद महतारी एक्सप्रेस के चालक भुवन पाल को सूचना मिली। भुवन पाल केस लेने के लिए एंबुलेंस लेकर निकला, लेकिन रास्ते में उसने शराब पी ली। नशा चढ़ने पर उसने एंबुलेंस को सड़क पर खड़ी कर दिया और सो गया।

ग्रामीणों ने वीडियो बनाकर अधिकारियों को दी सूचना

महतारी एक्सप्रेस को देर तक सड़क पर खड़ी हालत में देखकर ग्रामीण वहाँ पहुँचे। उन्होंने अंदर देखा तो चालक भुवन पाल नशे की हालत में सोते हुए मिला। ग्रामीणों ने उसे उठाया और इस दौरान उसके नशे में होने का वीडियो भी बना लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने एंबुलेंस को सड़क से किनारे किया और घटना की जानकारी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और पुलिस को दी।

नशे में धुत एंबुलेंस का चालक

लापरवाही पर सख्त कार्रवाई: चालक सेवा से बर्खास्त

इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए, शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग के अधीन नियोक्ता इकाई ने चालक भुवन पाल पर सख्त कार्रवाई की। विभाग ने स्पष्ट किया कि महतारी एक्सप्रेस वाहन 102 आपातकालीन सेवाओं के अंतर्गत आता है, और इस प्रकार के लापरवाहीपूर्ण कृत्य को गंभीर श्रेणी में रखा गया है। इस कृत्य के लिए चालक भुवन पाल को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया गया है और उसकी सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। विभाग ने कहा है कि इस तरह के कृत्य और अन्य घोर लापरवाही प्रदर्शित होने वाले कृत्यों के लिए कोई माफी नहीं है।

Also Read: छत्तीसगढ़ में डायल 112 टेंडर प्रक्रिया पर उठे सवाल, सेवा मिलने में समस्या, नए टेंडर में मनमानी पड़ सकती है भारी

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button