Mahtari Vandan Yojana 19th installment: महतारी वंदन योजना के तहत मुख्यमंत्री श्री साय ने महिलाओं के खातों में अंतरित किए 1000-1000 रुपये

रायगढ़/रायपुर: Mahtari Vandan Yojana 19th installment: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने रविवार को रायगढ़ जिले के खरसिया में आयोजित भव्य समारोह में महतारी वंदन योजना की 19वीं किस्त का भुगतान करते हुए प्रदेश की 69 लाख 15 हजार 994 महिलाओं के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 1000-1000 रुपये की राशि भेजी। इस दौरान उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी और महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े भी उपस्थित रहीं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि “यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ ही उनके जीवन स्तर को बेहतर करने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रही है। यह राशि न केवल परिवार की आर्थिक मजबूती में सहायक है बल्कि महिलाओं के आत्मसम्मान को भी सशक्त कर रही है।”

अब तक 12,376 करोड़ रुपये का अंतरण

सितम्बर माह की इस 19वीं किस्त में 647.13 करोड़ रुपये का वितरण किया गया। इसे मिलाकर अब तक योजना के अंतर्गत 12,376.19 करोड़ रुपये की राशि औसतन 69 लाख 28 हजार 334 महिलाओं के बैंक खातों में पहुँचाई जा चुकी है।

योजना का उद्देश्य

1 मार्च 2024 से शुरू की गई महतारी वंदन योजना का उद्देश्य 21 वर्ष से अधिक आयु की विवाहित एवं पात्र महिलाओं को हर माह 1000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करना है। यह योजना महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सम्मान दिलाने की दिशा में एक सशक्त कदम माना जा रहा है।

“महिलाओं के जीवन में ला रही सकारात्मक बदलाव”

महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि यह योजना प्रदेश की महिलाओं को नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और सम्मान दे रही है। उन्होंने कहा कि महिलाएँ अब आर्थिक प्रगति की मुख्यधारा से तेजी से जुड़ रही हैं।

सरकार का भरोसा

मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं से संवाद करते हुए आश्वस्त किया कि राज्य सरकार महिलाओं के विकास, सुरक्षा और स्वाभिमान को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना को आगे और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा ताकि प्रदेश की हर महिला सशक्त और आत्मनिर्भर बन सके।

Also Read: KCPS कुरूद की पूर्व छात्रा स्नेहा देवांगन का MBBS में चयन, विधायक चंद्राकर ने दी बधाई

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button