
CG Mahtari Vandan Portal Opening: छत्तीसगढ़ सरकार राज्य की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने वाली महतारी वंदन योजना का विस्तार करने जा रही है। योजना का पोर्टल जल्द ही दोबारा खोलने की योजना बनाई जा रही है। इसके माध्यम से योजना से छूटी हुई पात्र शादीशुदा महिलाओं के साथ-साथ समाज के कुछ अन्य वर्गों को भी इसमें शामिल करने की तैयारी है। इस कदम से राज्य में लाभार्थियों का दायरा और अधिक व्यापक हो जाएगा।
दिव्यांग, ट्रांसजेंडर्स और अविवाहित महिलाओं को मिलेगा लाभ
CG Mahtari Vandan Yojana Update:महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने जानकारी दी है कि सरकार इस योजना के अंतर्गत दिव्यांग महिलाओं, ट्रांसजेंडर्स और कुछ विशेष श्रेणी की अविवाहित युवतियों को भी शामिल करने पर विचार कर रही है। इन नए वर्गों को जोड़ने के लिए पात्रता से जुड़े मापदंड और आयु सीमा तय की जा रही है। पोर्टल खुलते ही इन नए वर्गों के आवेदन स्वीकार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
आवेदन का मिलेगा दोबारा अवसर
योजना की शुरुआत के समय किसी कारणवश जो विवाहित महिलाएं अपना पंजीकरण नहीं करा सकी थीं, उन्हें भी इस बार मौका दिया जाएगा। मंत्री ने स्पष्ट किया कि जो पात्र महिलाएं पहले आवेदन करने से वंचित रह गई थीं, वे पोर्टल दोबारा खुलने पर अपनी प्रक्रिया पूरी कर सकेंगी। इससे छूटे हुए सभी पात्र परिवारों तक इस योजना की आर्थिक मदद पहुंच सकेगी।
मिलेंगे हर महीने 1000 रुपये
Mahtari Vandan Yojana News: राज्य सरकार वर्तमान में योजना की पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से हर महीने 1,000 रुपये भेज रही है। नए वर्गों को हरी झंडी मिलने के बाद उनके खातों में भी प्रति माह 1,000 रुपये की सहायता राशि ट्रांसफर की जाएगी। शुरुआत में लगभग 70 लाख महिलाएं इस योजना से जुड़ी थीं। वर्तमान में ई-केवाईसी की प्रक्रिया अधूरी होने और कुछ हितग्राहियों की मृत्यु के कारण इस संख्या में थोड़ा बदलाव आया है।
आंकड़े जुटाने में जुटा प्रशासन
सरकार ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे राज्य में दिव्यांग महिलाओं और ट्रांसजेंडर वर्ग से जुड़े आंकड़े तेजी से जुटाएं। इन वर्गों के लिए उम्र सीमा और अन्य जरूरी पात्रता शर्तें तय की जा रही हैं। आंकड़े और नियम स्पष्ट होने के बाद आधिकारिक घोषणा की जाएगी, जिसके तुरंत बाद नए आवेदकों के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।



