National Mango Festival Raipur: रायपुर में लगेगा आम का दरबार, 200 किस्में और 56 व्यंजन होंगे प्रदर्शित, 6 जून से राष्ट्रीय आम महोत्सव का आयोजन

National Mango Festival Raipur: राजधानी रायपुर जून की तपती गर्मी में अब आम की मिठास और खुशबू से महकने वाली है। छत्तीसगढ़ सरकार, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, संचालनालय उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी और प्रकृति की ओर सोसायटी मिलकर 6 से 8 जून 2025 तक राष्ट्रीय आम महोत्सव का आयोजन करने जा रहे हैं।
यह आयोजन राजधानी के कृषि महाविद्यालय परिसर में होगा, जहां आम की 200 से ज्यादा किस्मों के साथ-साथ 56 तरह के आम-आधारित व्यंजनों की प्रदर्शनी भी लोगों को देखने और चखने को मिलेगी।
मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ
इस खास महोत्सव का उद्घाटन खुद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे। उन्हें आमंत्रित करने के लिए इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने उनके निवास पर मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में शामिल होने की स्वीकृति देते हुए आयोजन की सराहना की।
आम के साथ किसानों की बात भी
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान डॉ. चंदेल ने केवल आम महोत्सव की नहीं, बल्कि कृषि विज्ञान केंद्रों में कार्यरत वैज्ञानिकों और कर्मचारियों की वेतन और पेंशन से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा की। उन्होंने राज्य सरकार से वित्तीय सहयोग की मांग की, जिस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक सहयोग का भरोसा दिलाया।
क्या होगा खास इस महोत्सव में?
- 200+ आम की किस्में: देशभर से लाई गई विशेष किस्में
- 56 प्रकार के व्यंजन: आम से बने पारंपरिक और फ्यूजन फूड
- निःशुल्क एंट्री: सभी के लिए पंजीयन और प्रवेश पूरी तरह मुफ्त
- समय: सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक
- स्थान: कृषि महाविद्यालय परिसर, रायपुर
आम के बहाने संस्कृति और स्वाद का संगम
यह महोत्सव न सिर्फ आम प्रेमियों के लिए जन्नत जैसा होगा, बल्कि इससे किसानों, बागवानों और खाद्य उद्योग से जुड़े लोगों को भी बड़ा मंच मिलेगा। बच्चों से लेकर बड़ों तक, हर कोई आम के इस रंग-बिरंगे मेले में स्वाद, जानकारी और संस्कृति का मजा ले सकेगा।
तो अगर आप भी आम के दीवाने हैं, तो 6 से 8 जून के बीच रायपुर का रुख जरूर करें — जहां फलों का राजा खुद आपका इंतज़ार कर रहा है!