
आरंग: Woman jumps into Mahanadi River: आरंग थाना क्षेत्र से सोमवार सुबह एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। ग्राम पारागांव में नेशनल हाईवे 53 पर महानदी पुल से एक विवाहिता महिला के छलांग लगाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल तलाशी अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान तलाश के दौरान पास ही एक अज्ञात महिला की लाश बरामद हुई, जिससे पुलिस भी हैरान रह गई।

पुल पर स्कूटी और रेलिंग से मिला दुपट्टा
Raipur Woman Missing: आरंग थाना प्रभारी राजेश सिंह के अनुसार, महानदी पुल पर एक स्कूटी लावारिस हालत में खड़ी मिली, जिसकी पहचान स्वाति त्रिवेदी (उम्र 27 वर्ष) के नाम पर हुई है। साथ ही पुल की रेलिंग में एक दुपट्टा बंधा मिला है। आशंका है कि स्वाति ने पुल से नदी में छलांग लगाई है, हालांकि किसी प्रत्यक्षदर्शी ने महिला को कूदते हुए नहीं देखा। इसके बावजूद गोताखोर लगातार महिला की तलाश में जुटे हैं।

रक्षाबंधन पर मायके आई थी महिला
Missing Woman: जानकारी के अनुसार, स्वाति की शादी दो साल पहले रायपुर निवासी अजय त्रिवेदी से हुई थी। वह ढाई महीने के एक शिशु की मां है और रक्षाबंधन पर्व मनाने अपने मायके पारागांव आई थी। परिजनों के अनुसार, उसके व्यवहार में किसी भी तरह की परेशानी नजर नहीं आई थी।

अज्ञात महिला का शव मिलने से बढ़ी रहस्य की गहराई
Mahanadi Bridge Incident: जब गोताखोर स्वाति की तलाश कर रहे थे, तभी घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक अज्ञात महिला का शव नदी में तैरता हुआ मिला। शव दो-तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। मृतका ने साड़ी पहन रखी थी और उसके बाल सफेद थे, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि वह उम्रदराज महिला हो सकती है। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

अभी भी जारी है स्वाति की तलाश
CG Police Investigation: पुलिस और गोताखोरों की टीम अभी भी स्वाति त्रिवेदी की तलाश में जुटी है। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के समय कोई सुराग मिल सके। वहीं, दूसरी महिला का शव मिलने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है और जांच की दिशा भी बदल गई है।
Also Read: Raipur Road Accident: इस्कॉन मंदिर से लौट रही छात्रा को ट्रक ने कुचला, मौके पर दर्दनाक मौत



