
Martyred ASP Akash Rao: छत्तीसगढ़ एक बार फिर शहीद के बलिदान को सलाम कर रहा है। सुकमा जैसे नक्सल प्रभावित इलाके में ड्यूटी पर तैनात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) आकाश राव गिरिपुंजे सोमवार को सुकमा में IED ब्लास्ट में गंभीर रूप से घायल हो गए थे और इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। आज उनका अंतिम संस्कार राजधानी रायपुर में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया।
सुकमा में IED ब्लास्ट, ड्यूटी के दौरान शहीद हुए ASP
ASP Aakash Rao: शहीद आकाश राव गिरिपुंजे सुकमा के कोंटा इलाके में नक्सल विरोधी गश्त पर निकले थे। इसी दौरान नक्सलियों द्वारा प्लांट किए गए विस्फोटक (IED) की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हमले में कोंटा थाने के प्रभारी और एसडीओपी सोनल ग्वाला भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज अब भी चल रहा है।

गार्ड ऑफ ऑनर में झुके सिर, पत्नी ने रोते हुए दी सैल्यूट
जब माना बटालियन में शहीद को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, तो हर आंख नम थी और हर सिर श्रद्धा से झुका हुआ। सबसे भावुक पल तब आया, जब शहीद की पत्नी ने रोते हुए उन्हें सैल्यूट किया। उनके पिता गम में पूरी तरह टूट चुके थे और अंतिम बार बेटे को देख कर बिलखते रहे। मां ने पार्थिव शरीर पर सिर झुकाकर बेटे को अंतिम विदाई दी।

मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि, परिवार से मिलकर जताया शोक

अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, ‘आकाश अमर रहें’ के लगे नारे
शहीद आकाश की अंतिम यात्रा उनके रायपुर के कुशालपुर निवास से निकली। “जब तक सूरज चांद रहेगा, आकाश तेरा नाम रहेगा” जैसे नारों से माहौल गूंज उठा। इस यात्रा में कलेक्टर गौरव सिंह, पुलिस और प्रशासनिक अफसरों के साथ बड़ी संख्या में आम लोग भी शामिल हुए।
बेटी नव्या का जन्मदिन, जो अब रह गया अधूरा
बुधवार को शहीद ASP की 6 साल की बेटी नव्या का जन्मदिन था। परिवार इसकी तैयारी में लगा हुआ था। खुद आकाश भी सुकमा से आने वाले थे। लेकिन अब घर में जन्मदिन की जगह मातम पसरा है। एक पिता का वादा अधूरा रह गया और एक बेटी ने जन्मदिन पर अपने पिता को खो दिया।

सीएम, डिप्टी सीएम और अफसरों ने कांधा देकर दी विदाई
गार्ड ऑफ ऑनर के बाद जब पार्थिव शरीर को महादेवघाट के लिए रवाना किया गया, तो मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा के साथ डॉ. रमन सिंह ने भी कांधा देकर शहीद को अंतिम विदाई दी। ये क्षण पूरे प्रदेश के लिए भावुक और गर्व से भरे थे।

“आकाश का जाना सिर्फ छत्तीसगढ़ नहीं, देश की भी क्षति” – कलेक्टर
महादेवघाट मुक्तिधाम पहुंचे रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह ने कहा,
“आकाश का जाना राज्य ही नहीं, पूरे देश की क्षति है। उन्होंने जिस हिम्मत और निष्ठा से अपने कर्तव्य को निभाया, वह हमेशा याद रहेगा।”
नक्सलवाद के खिलाफ सरकार का संकल्प
सीएम साय ने आगे कहा कि यह कायराना हमला सिर्फ एक अधिकारी पर नहीं, बल्कि लोकतंत्र और शांति के मूल्यों पर हमला है। राज्य सरकार छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से मुक्त करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस दिशा में हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।



