करेली बड़ी-खट्टी के लिए ऐतिहासिक दिन, नगरीय विकास के नए अध्याय की शुरुआत, विधायक अजय चंद्राकर ने किया नगर पंचायत का विधिवत शुभारंभ

कुरुद विधानसभा के बड़े गावों में से एक करेली बड़ी-खट्टी को विधायक अजय चंद्राकर के पहल से छत्तीसगढ़ शासन और मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद आज करेली बड़ी-खट्टी नगर पंचायत का विधिवत शुभारंभ विधायक अजय चंद्राकर द्वारा किया गया। इस ऐतिहासिक मौके पर क्षेत्र में जश्न का माहौल रहा। प्रशासनिक नजरिए से इस बदलाव को स्थानीय विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए एक बड़ा कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम में भारी संख्या में स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे जिन्होंने इस नई व्यवस्था का स्वागत किया।

5 साल में बदल जाएगी क्षेत्र की तस्वीर

समारोह के मुख्य अतिथि और कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने अपने संबोधन में कहा कि अगले पांच वर्षों में करेली बड़ी-खट्टी का तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अब विकास कार्यों की गति निरंतर बनी रहेगी। विधायक ने कहा कि जनता को बेहतर सुविधाएं देना उनकी प्राथमिकता है और नगर पंचायत बनने से अब संसाधनों की कमी नहीं होगी। इस नई प्रशासनिक इकाई से क्षेत्र में सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन ज्यादा प्रभावी तरीके से हो सकेगा।

नगर पंचायत बनने से क्या होंगे फायदे

क्षेत्र को नगर पंचायत का दर्जा मिलने से अब यहां बुनियादी ढांचे में बड़ा सुधार होगा। इसमें व्यवस्थित शहरी सेवाएं, नियमित साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल की आपूर्ति और बेहतर सड़कों का निर्माण शामिल है। इसके अलावा स्ट्रीट लाइट और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। अजय चंद्राकर ने इसे राज्य सरकार का एक दूरदर्शी फैसला बताते हुए कहा कि इससे यह इलाका आत्मनिर्भर बनेगा और क्षेत्रीय विकास का नया केंद्र बनकर उभरेगा।

उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी

इस गरिमामय कार्यक्रम में विधायक अजय चंद्राकर के साथ मगरलोड जनपद अध्यक्ष विरेंद्र साहू और कुरूद नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति भानु चन्द्राकर भी शामिल हुईं। साथ ही भखारा और मगरलोड नगर पंचायत की अध्यक्षों सहित जिला पंचायत सदस्यों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। स्थानीय सरपंच खेमलता साहू और अन्य पंचायत प्रतिनिधियों ने इस बदलाव को राजनीतिक और प्रशासनिक इतिहास का एक महत्वपूर्ण मोड़ बताया।

योजनाबद्ध विकास और पारदर्शी प्रशासन पर जोर

विधायक ने अपने भाषण के आखिर में कहा कि नगर पंचायत का गठन जनभावनाओं का सम्मान है। इससे प्रशासन में पारदर्शिता आएगी और सशक्त नगरीय व्यवस्था कायम होगी। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे विकास के इस सफर में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। अब यह क्षेत्र प्रगति के नए आयाम स्थापित करने के लिए तैयार है जिससे स्थानीय निवासियों के जीवन स्तर में गुणात्मक सुधार आएगी।

Also Read: धमतरी में सजेगा पवई रानी माता का दरबार: पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा मंदिर और वॉटरफॉल, कलेक्टर ने दिए निर्देश

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button