
अंबिकापुर: सीतापुर से एक गंभीर मामला सामने आया है जहां एक आदिवासी युवती ने विधायक रामकुमार टोप्पो के ड्राइवर पर छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप लगाया है। युवती ने सीतापुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रास्ते में रोककर की मारपीट और अभद्रता
पीड़िता ने बताया कि घटना 9 अगस्त की है, जब वह शाम करीब 4 बजे अपनी स्कूटी से सहेली के घर जा रही थी। रास्ते में आदर्शनगर हनुमान चौक के पास उसे उसके बड़े पिता का लड़का मिला, जिससे वह कुछ देर रुककर बात करने लगी। तभी ग्राम ढेलसरा निवासी उमेश प्रधान, जो विधायक का ड्राइवर है, वहां पहुंचा और उसे गालियां देने लगा।
युवती का आरोप है कि उमेश प्रधान ने उसे पकड़कर खींचा और छेड़छाड़ की। जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने उसे 3 से 4 थप्पड़ मारे। साथ ही यह भी कहा कि “फोन नहीं उठाती और दूसरे लड़कों से बात करती हो”।
विधायक से शिकायत की, पर नहीं मिली सुनवाई
पीड़िता ने घटना के बाद कुछ अन्य लोगों के साथ विधायक रामकुमार टोप्पो से मिलने की कोशिश की, लेकिन उसका कहना है कि विधायक ने उसकी बात सुनने के बजाय ड्राइवर का पक्ष लिया। इससे वह और अधिक आहत हुई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी पर कई धाराओं में केस
सीतापुर थाना पुलिस ने युवती की शिकायत के आधार पर आरोपी उमेश प्रधान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2), 115(2) और 74 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
विधायक ने हटाया ड्राइवर
हालांकि विधायक रामकुमार टोप्पो ने इस पूरे मामले के बाद आरोपी ड्राइवर को अपने कार्यालय से हटा दिया है। मगर इस कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं कि क्या सिर्फ कार्यालय से हटाना पर्याप्त है या और भी कठोर कदम उठाए जाने चाहिए थे।
Also Read: 3% कमीशन आरोपों से क्रेडा चेयरमैन भूपेंद्र सवन्नी को राहत, ऊर्जा सचिव की जांच में नहीं मिले सबूत



