
Dhamtari: धमतरी। जिले में 15 अगस्त का दिन देशभक्ति और सम्मान के माहौल में मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह का आयोजन डॉ. शोभाराम देवांगन स्कूल परिसर के एकलव्य खेल मैदान में किया गया, जहां कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी।
परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ, जिसके बाद विधायक अजय चंद्राकर ने कलेक्टर नम्रता गांधी और पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय के साथ परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान 12 प्लाटून ने तालमेल के साथ मार्च पास्ट कर दर्शकों की सराहना पाई।



शहीद परिवारों का हुआ सम्मान
समारोह के दौरान जिले के 41 शहीदों के परिजनों को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर देशभक्ति से जुड़ी स्कूली बच्चों की रंग-बिरंगी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी मंच का आकर्षण बनी रहीं। इनमें छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य और देशभक्ति गीतों पर आधारित कार्यक्रम शामिल थे।



इंडियाज गॉट टैलेंट विजेता अबूझमाड़ अकादमी ने दी मलखंब की प्रस्तुति
समारोह की विशेष आकर्षण इंडियाज गॉट टैलेंट के विजेता अबूझमाड़ अकादमी की मलखंब प्रस्तुति रही। स्कूली बच्चों ने देशभक्ति और छत्तीसगढ़ी गीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।


अबूझमाड़ की छवि दुनिया भर में है- विधायक
मुख्य अतिथि विधायक अजय चंद्राकर ने बताया कि बहुत ही अच्छा प्रदर्शन रहा। छोटे-छोटे बच्चों विशेष पुरस्कार भी दिया गया है और कामना की गई है कि वह बच्चे आगे बढ़े और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करें। क्योंकि अबूझमाड़ की छवि दुनिया भर में है। जब यह देखेंगे तो लगेगा कि अबूझमाड़ में कुछ नया हो रहा है।


उत्कृष्ट कार्य करने वाले 54 लोगों को मिला सम्मान
समारोह के अंत में विधायक अजय चंद्राकर ने जिले में बेहतर कार्य करने वाले 54 अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही मार्च पास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अव्वल रहे प्रतिभागियों को भी मंच से सम्मानित किया गया।
पूरा कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें जनप्रतिनिधि, अधिकारी, छात्र-छात्राएं और आम नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।
Also Read: 7 महीने में 120 मामले, 7 मौतें… चाकूबाजी की घटनाओं पर हाईकोर्ट सख्त, न्यायालय ने दुकानों व ऑनलाइन चाकू बिक्री रोकथाम की रणनीति पर गृह विभाग के प्रमुख सचिव से मांगा शपथपत्र



