
बीजापुर जिले के कोंडापल्ली गांव में मोबाइल नेटवर्क पहुंचते ही उत्सव जैसी स्थिति बन गई। यह गांव लंबे समय से नक्सल गतिविधियों के कारण विकास से दूर रहा है। स्थानीय लोगों के लिए नेटवर्क का आना सिर्फ तकनीकी सुविधा नहीं बल्कि बाहरी दुनिया से जुड़ने का भरोसा भी है। जैसे ही टॉवर के सक्रिय होने की जानकारी मिली, ग्रामीण खुशी से झूम उठे और ढोल, मांदल और गीतों के साथ टॉवर की पूजा की।
घने जंगलों के बीच बसा इलाका
कोंडापल्ली छत्तीसगढ़ और तेलंगाना की सीमा पर स्थित घना वन क्षेत्र है। यहां सड़क, बिजली और पीने के पानी जैसी आधारभूत सुविधाएं कई वर्षों से नहीं थीं। ऐसे माहौल में मोबाइल टॉवर लगना ग्रामीणों के लिए बड़ी उम्मीद बन गया। टॉवर स्थल पर महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग पारंपरिक तरीके से पहुंचे। लोगों ने इसे गांव के लिए नए दौर की शुरुआत बताया।
आसपास के गांवों की भी भागीदारी
इस खुशी में केवल कोंडापल्ली के लोग नहीं, बल्कि आसपास के कई गांवों के निवासी भी शामिल हुए। ग्रामीणों ने कहा कि अब वे बैंकिंग, राशन, स्वास्थ्य योजनाओं और पेंशन से जुड़ी सेवाओं तक आसानी से पहुंच सकेंगे। सुरक्षा बलों ने भी ग्रामीणों को मिठाइयां बांटकर इस पल को साझा किया। अब तक जिन कामों के लिए उन्हें कई किलोमीटर दूर जाना पड़ता था, नेटवर्क आने के बाद वे काम मोबाइल पर ही संभव होंगे।

वन क्षेत्रों में तेजी से बढ़ रही सुविधाएं
सरकार वन अंचलों में सेवाएं पहुंचाने के लिए 69 नए कैंपों के आसपास 403 गांवों में कई विभागों की योजनाएं लागू कर रही है। संचार व्यवस्था इसमें सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। पिछले दो साल में इस क्षेत्र में 728 नए टॉवर लगाए गए जिनमें 4G नेटवर्क वाले टॉवर और पहले से मौजूद 2G टॉवरों का उन्नयन भी शामिल है।
सड़क, बिजली और प्रशासनिक पहुंच से बदला माहौल
कोंडापल्ली में नियद नल्ला नार योजना के तहत तेजी से विकास हो रहा है। दिसंबर 2024 में कैंप बनने के बाद प्रशासन पहली बार नियमित रूप से गांव तक पहुंचने लगा। लंबे समय से बंद सड़क को फिर से तैयार करने की जिम्मेदारी बार्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन ने ली है और लगभग 50 किलोमीटर सड़क का काम जारी है। दो महीने पहले ही गांव में बिजली पहुंची है जिससे पढ़ाई, छोटे कारोबार और दैनिक जीवन में साफ बदलाव दिख रहा है। प्रशासन लगातार शिविर लगाकर सरकारी योजनाओं को हर परिवार तक पहुंचा रहा है।
Also Read: बड़ी खबर: अब घर बैठे मोबाइल से बनेगा आयुष्मान कार्ड, सरकार ने लॉन्च किया नया ऐप; जानिए पूरी प्रक्रिया



