
रायपुर: CG Flood Relief: छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में आई भयावह बाढ़ के बीच मध्य प्रदेश सरकार मदद के लिए आगे आई है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने छत्तीसगढ़ के बाढ़ प्रभावित जिलों के लिए ₹5 करोड़ की सहायता राशि और आवश्यक राहत सामग्री भेजने का ऐलान किया है।
बस्तर में बाढ़ से भारी तबाही
इस बार बस्तर संभाग के सभी जिलों में पहली बार इतनी भीषण बाढ़ देखने को मिली। बाढ़ की वजह से जन-धन की भारी क्षति हुई है। कई परिवार बेघर हो गए, फसलें तबाह हो गईं और पशुओं का भी बड़ा नुकसान हुआ। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय स्वयं प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर चुके हैं और हालात का जायजा लिया था।
MP सरकार ने बढ़ाया मदद का हाथ
CM मोहन यादव ने कहा –
“अतिवृष्टि के कारण छत्तीसगढ़ में आई बाढ़ से भारी क्षति हुई है। पड़ोसी राज्य होने के नाते हमारा दायित्व है कि हर संभव मदद करें। इसी क्रम में मध्य प्रदेश सरकार की ओर से ₹5 करोड़ की राशि और आवश्यक राहत सामग्री भेजी जा रही है। इस आपदा की घड़ी में मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ के साथ दृढ़ता से खड़ा है और आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहयोग करेगा।”
CM विष्णु देव साय ने जताया आभार
मदद का ऐलान होने के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मध्य प्रदेश सरकार के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा
“आपके इस सौजन्य के लिए हृदय से धन्यवाद मोहन यादव जी। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ न केवल पड़ोसी राज्य हैं, बल्कि आत्मीय बंधन से जुड़े परिवार की तरह हैं। आपदा की घड़ी में आपका यह सहयोग निश्चित ही बस्तर संभाग के प्रभावित जनों को संबल प्रदान करेगा। पुनः धन्यवाद।”



