
बालोद: Balod Crime: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक बेहद हैरान कर देने वाला आपराधिक मामला सामने आया है। दीपावली त्यौहार के लिए पैसों की जरूरत पूरी करने के मकसद से चोरी करने घुसे दो युवकों ने पकड़े जाने के डर से एक बुजुर्ग महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या था पूरा मामला?
Balod News: यह मामला रनचिरई थाना क्षेत्र के ग्राम पाउवारा का है। मृतिका की पहचान 70 वर्षीय पुनवंतीन देशलहरे के रूप में हुई है, जो अपने पुराने मकान में अकेली रहती थीं। आरोपी उनके पड़ोसी भूपेश चंदेल उर्फ लल्ला (28 साल) और विनोद कुमार दिवाकर उर्फ चोटी (32 साल) निकले।
वारदात 7 अक्टूबर की रात हुई थी। 8 अक्टूबर की सुबह जब पुनवंतीन देशलहरे के घर में कोई हलचल नहीं हुई, तो पड़ोसियों को शक हुआ। सूचना मिलने पर मृतिका का बेटा ओमप्रकाश देशलहरे पुराने घर पहुँचा। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। झाँककर देखने पर बुजुर्ग की लाश बिस्तर पर पड़ी मिली।

CG Crime News: पुलिस को सूचना दी गई। जाँच में पाया गया कि महिला के कान से झुमके खींचे गए थे (जिससे कान कट गया था) और गले से चांदी की चेन गायब थी। प्रारंभिक जाँच में ही स्पष्ट हो गया था कि महिला के गले को दबाकर हत्या की गई है। पुलिस ने रनचिरई और साइबर सेल की टीमें गठित कीं और डॉग स्क्वाड, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट तथा एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया।
दीपावली त्यौहार में पैसे की कमी से दी घटना को अंजाम
जाँच और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले दोनों युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने हत्या और लूटपाट का पूरा सच उगल दिया।
आरोपियों ने बताया कि दीपावली त्यौहार में पैसे की कमी होने के कारण उन्होंने चोरी का प्लान बनाया। 7 अक्टूबर की रात वे पीछे बाड़ी की तरफ से मृतिका पुनवंतीन देशलहरे के घर में घुसे। वे कमरे में संपत्ति ढूँढ रहे थे, तभी बुजुर्ग महिला जग गईं और चिल्लाने लगीं। पकड़े जाने के डर से दोनों आरोपियों ने महिला का मुँह और गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद वे उनके कान से झुमका और गले से चांदी की चेन लूटकर फरार हो गए।
व्यापमं समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था आरोपी
पुलिस की जाँच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी शिक्षित हैं। आरोपी भूपेश चंदेल ने बीए किया है और टाइल्स का काम करता था, जबकि विनोद कुमार दिवाकर ने बीएससी और बीएड की पढ़ाई की थी और वर्तमान में व्यापमं समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। आर्थिक तंगी के चलते दोनों ने मिलकर यह जघन्य अपराध किया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
Also Read: दुर्ग पापड़ी विवाद: गोलगप्पे वाले पर चाकू से हमला, मामूली देरी पर मचा हड़कंप



