
तखतपुर: सतनामी समाज को लेकर विवादित बयान देने वाले कथावाचक आशुतोष चैतन्य महाराज को बिलासपुर पुलिस ने आज कथास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया। कथावाचक को तखतपुर से गिरफ्तार कर बिलासपुर लाया गया है। आशुतोष चैतन्य महाराज ने व्यासपीठ से सतनामी समाज के लिए आपत्तिजनक बातें कही थीं, जिससे समाज में भारी आक्रोश फैल गया था और कार्रवाई की मांग की जा रही थी।
विवादित बयान सोशल मीडिया पर हुआ था वायरल
यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब तखतपुर के टिकरी पारा में चल रहे श्रीमद् भागवत कथा महापुराण के दौरान कथावाचक आशुतोष चैतन्य महाराज ने सतनामी समाज के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की। यह टिप्पणी सोशल मीडिया के माध्यम से तेजी से वायरल हो गई। समाज के लोगों को इस बात की भनक लगते ही वे आक्रोशित हो गए और कथावाचक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर एकजुट होने लगे। सतनामी समाज के आक्रोश के बाद आशुतोष चैतन्य महाराज ने अपने विवादित बयान के लिए वीडियो जारी कर माफी भी मांगी लेकिन समाज उनके ऊपर कार्रवाई की मांग करते रहे।
आक्रोशित समाज ने किया था तखतपुर थाने का घेराव
कथावाचक के विवादित बयान के बाद सतनामी समाज के लोगों ने कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर तखतपुर थाने का घेराव कर दिया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाने में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात करना पड़ा था। समाज के लोगों ने गिरफ्तारी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी थी, जिसके बाद पुलिस पर दबाव बढ़ गया था।
कड़ी कार्रवाई, एससी-एसटी एक्ट की धारा भी जोड़ी गई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। एडिशनल एसपी के निर्देश पर कथावाचक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 353 (2) के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी। इसके साथ ही, जांच में मामले की गंभीरता को देखते हुए एससी-एसटी एक्ट की धारा भी जोड़ी गई, जिससे मामला और कठोर हो गया।
एडिशनल एसपी ने दी थी वैधानिक कार्रवाई की गारंटी
एडिशनल एसपी अर्चना झा ने सतनामी समाज की आपत्ति पर प्राथमिक जांच के बाद एफआईआर दर्ज करने की जानकारी दी थी। उन्होंने समाज के लोगों को विधिवत जांच कर वैधानिक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया था। इसके साथ ही उन्होंने समाज के लोगों से शांति बनाए रखने की अपील भी की थी। पुलिस ने आज कथावाचक को गिरफ्तार कर अपने आश्वासन पर कार्रवाई की मुहर लगा दी है।
Also Read: VIDEO: अधिकारियों के नाम से नींबू काटेंगे सांसद भोजराज नाग, लापरवाह अफसरों को दी चेतावनी



