
धमतरी: Dhamtari News: धमतरी पुलिस और सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के एक बड़े और खतरनाक मंसूबे को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने थाना नगरी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम फरसिया से चंदनबाहरा मार्ग पर लगाए गए 10 किलो वजनी आईईडी (IED) बम को बरामद कर मौके पर ही सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया। इस त्वरित और साहसिक कार्रवाई से क्षेत्र में एक बड़ा हादसा टल गया।

मुखबिर की सूचना पर चला सर्च ऑपरेशन
Naxal Operation: पुलिस को मुखबिरों से जानकारी मिली थी कि थाना नगरी क्षेत्र में नक्सलियों की गतिविधियाँ बढ़ गई हैं और उन्होंने फरसिया से चंदनबाहरा मार्ग पर आईईडी बम लगा रखा है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए, पुलिस अधीक्षक (एसपी) सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर तुरंत कार्रवाई शुरू की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) शैलेन्द्र पांडेय के नेतृत्व में डीआरजी (DRG) नगरी और बीडीएस (BDS) टीम (बम निरोधक दस्ता) का संयुक्त पुलिस बल आज (11 अक्टूबर) को नक्सल विरोधी अभियान और एरिया डोमिनेशन के लिए रवाना हुआ।

बीडीएस टीम ने सतर्कता से किया बम निष्क्रिय
सर्चिंग ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीम को चंदनबाहरा आवागमन मार्ग पर संदिग्ध अवस्था में 10 किलो वज़न का कमांड-टिफिन आईईडी बम मिला। नक्सलियों ने यह शक्तिशाली बम सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए लगाया था।
डीआरजी टीम की सुरक्षा घेरे में, बीडीएस टीम ने अपनी तकनीकी दक्षता और सतर्कता का परिचय देते हुए बम को नियंत्रित तरीके से सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया और नष्ट कर दिया। इस कार्यवाही से न केवल एक बड़ी नक्सली साजिश विफल हुई, बल्कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा की स्थिति बनाए रखने में भी पुलिस बल को बड़ी सफलता मिली।
एसपी सूरज सिंह परिहार ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें अपने आसपास कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु, व्यक्ति या गतिविधि दिखाई दे, तो वे बिना देर किए तुरंत स्थानीय थाना या डायल 112 पर इसकी सूचना दें, ताकि किसी भी अनहोनी को समय रहते टाला जा सके।



