
जशपुर: Naxalites Threat: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के गृह जिले जशपुर में नक्सलियों ने दहशत फैलाने की कोशिश की है। यहाँ सुलेसा गाँव के पूर्व उपसरपंच सल्लु राजवाड़े के घर पर PLFI माओवादी संगठन ने एक धमकी भरा पर्चा चिपकाया है। पर्चे में पूर्व उपसरपंच को राजनीति बंद करने की खुली चेतावनी दी गई है, ऐसा न करने पर जान-माल के नुकसान की धमकी दी गई है।

पर्चे में क्या लिखा है?
पूर्व उपसरपंच सल्लु राजवाड़े के घर पर चस्पा किए गए इस पर्चे में माओवादियों ने लिखा है कि, “आप हमारे आदमी के साथ ज्यादा राजनीति कर काम में बाधा डाल रहे हैं। पहले भी आपने हमारे काम में बाधा डाली थी, जिसे नक्सल संगठन ने नज़रअंदाज़ कर दिया था। लेकिन अब फिर से आप राजनीति कर हमारे काम के बीच में आ रहे हैं। अगर आपने अगली बार ऐसा किया, तो आप पर कार्रवाई की जाएगी, जिसमें आपको जान-माल की हानि होगी।”
पुलिस ने शुरू की जाँच, रंजिश का एंगल भी
मामले की सूचना मिलते ही बगीचा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और नक्सली पर्चे को जब्त कर लिया है।
- एसपी का बयान: जशपुर एसपी शशिमोहन सिंह ने बताया कि जशपुर जिले को साल 2018 से नक्सलमुक्त जिला घोषित किया जा चुका है और यहाँ कोई खास मूवमेंट भी नहीं है।
- जाँच की दिशा: एसपी ने कहा कि चूँकि यह पर्चा नक्सल संगठन के नाम से मिला है, इसलिए पुलिस संवेदनशीलता से इसकी जाँच कर रही है। इसके अलावा, आपसी रंजिश के तहत भी कई बार ऐसे काम किए जाते हैं, इसलिए पुलिस उस पहलू से भी जाँच कर रही है।

पूर्व मंत्री ने कहा- ‘नक्सली समाप्त नहीं हुए’
घटना की सूचना मिलने पर पूर्व मंत्री गणेश राम भगत भी उपसरपंच सल्लु राजवाड़े से मिलने उनके घर पहुँचे। उन्होंने कहा कि यह कहना गलत है कि क्षेत्र से नक्सली पूरी तरह समाप्त हो गए हैं।
सुरक्षा की मांग
भगत ने कहा कि जिस तरह से पर्चे फेंके गए हैं, उससे दहशत फैलाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने डीजीपी, एसपी और एडिशनल एसपी से बात की है और परिवार को पूर्ण सुरक्षा उपलब्ध कराने की माँग की है।
देखें पर्चे की कॉपी




