
रायपुर: CG NHM Protest Update: लंबे समय से जारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारियों की हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई है। कर्मचारियों ने अपनी दस सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन शुरू किया था, लेकिन अब बातचीत के बाद उन्होंने काम पर लौटने का फैसला किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह कदम राज्यहित में है और इससे प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी।
कर्मचारियों की जायज़ मांगों पर सरकार संवेदनशील
CG NHM Protest: मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार हर कर्मचारी को परिवार का हिस्सा मानती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार हमेशा कर्मचारियों की जायज़ मांगों के प्रति संवेदनशील रही है।
उन्होंने कहा, “जनता का स्वास्थ्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार और कर्मचारी मिलकर प्रदेश को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं देंगे।”
किन मांगों पर बनी सहमति
एनएचएम कर्मचारी अपनी दस मांगों को लेकर हड़ताल पर गए थे। इनमें से चार मांगें पूरी कर दी गई हैं।
- तीन मांगों पर समिति गठित कर कार्यवाही शुरू की गई है।
- जबकि संविलयन, पब्लिक हेल्थ कैडर और आरक्षण से जुड़ी मांगों पर निर्णय केंद्र सरकार से लिया जाना है।
स्वास्थ्य मंत्री ने जताया आभार
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी कर्मचारियों द्वारा हड़ताल समाप्त करने पर आभार जताया। उन्होंने कहा कि एनएचएम कर्मचारियों ने राज्यहित को ध्यान में रखते हुए सही फैसला लिया है और अब मिलकर स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने पर ध्यान दिया जाएगा।



