
NHM Employees Protest: छत्तीसगढ़ में एनएचएम (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन) कर्मचारियों की हड़ताल लगातार तेज होती जा रही है। बुधवार देर रात कर्मचारियों ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर उपमुख्यमंत्री अरुण साव को जेल भरो आंदोलन में शामिल होने का आमंत्रण दिया। वहीं दूसरी ओर स्वास्थ्य सचिव ने सभी जिलों के सीएमएचओ को सख्त निर्देश दिए हैं कि हड़ताल पर डटे कर्मचारियों को तुरंत बर्खास्त कर खाली पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाए।

वीडियो संदेश में अरुण साव पर निशाना
NHM Employees Jail Bharo Andolan: एनएचएम कर्मियों ने जारी वीडियो में कहा कि
“अरुण साव जी तूता रायपुर में आपने जेल भरो आंदोलन में साथ देने की बात कही थी। हम आपको आमंत्रित कर रहे हैं। 2023 में आप बिना बुलाए आए थे, इस बार बुला रहे हैं, जरूर आइए।”
कर्मचारियों ने आगे सवाल उठाए कि जुलाई 2023 में दिए गए उनके आश्वासन का क्या हुआ। उन्होंने कहा, “आपने कहा था जितना बोलते हैं उससे ज्यादा करते हैं, तो फिर 100 दिन में नियमितीकरण का जो वादा किया था, उसे पूरा कर दीजिए। उससे ज्यादा आप अपने पास रख लीजिए, बस अपने जुबान पर कायम रहिए।”
अरुण साव ने किया था वादा देखिये वीडियो-
स्वास्थ्य सचिव का कड़ा आदेश
इधर देर रात स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया ने सभी जिलों के सीएमएचओ को आदेश जारी कर कहा कि जो कर्मचारी गुरुवार तक ड्यूटी पर नहीं लौटे, उन्हें व्यक्तिगत आदेश देकर बर्खास्त किया जाए। इसके साथ ही खाली पदों की सूची तैयार कर तत्काल भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
सचिव ने साफ किया कि भर्ती का कैलेंडर तय समय पर लागू होगा और किसी भी हालत में स्वास्थ्य सेवाएं बाधित नहीं होने दी जाएंगी।
आज होगा जेल भरो आंदोलन
सरकार की सख्ती के बीच एनएचएम कर्मचारी आज रायपुर में जेल भरो आंदोलन करेंगे। संगठन का कहना है कि जब तक नियमितीकरण, समान वेतनमान और सेवा सुरक्षा की मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।
कर्मचारी नेताओं का दावा है कि इस आंदोलन में बड़ी संख्या में संविदा स्वास्थ्यकर्मी शामिल होंगे और सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलेंगे।




