
रायपुर: NHM Protest Update: छत्तीसगढ़ में नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार और कर्मचारियों के बीच बातचीत में सहमति बन गई है और अब हड़ताल खत्म होनी चाहिए। मंत्री ने साफ कहा कि मांगें मानने के बाद भी अगर कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं लौटते तो नई भर्ती की जाएगी।
चार मांगें मानी, तीन पर बनी कमेटी
NHM Strike: जायसवाल ने बताया कि कर्मचारियों की चार प्रमुख मांगें सरकार ने स्वीकार कर ली हैं, जबकि तीन मुद्दों पर विचार के लिए कमेटी बनाई गई है। इसके अलावा तीन मांगों को उच्च स्तर पर बातचीत के लिए रखा गया है। उन्होंने कहा कि बर्खास्त कर्मचारियों की बहाली पर भी चर्चा हुई है और जिन लोगों को नोटिस दिया गया है, वे अगर काम पर लौटते हैं तो नोटिस भी वापस ले लिया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल का बयान-
एक महीने से प्रभावित स्वास्थ्य सेवाएं
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश में 18 अगस्त से NHM कर्मचारियों की हड़ताल जारी है। इस वजह से बीते एक महीने से स्वास्थ्य सेवाएं बाधित हो रही हैं। उन्होंने बताया कि कर्मचारी संगठन के प्रतिनिधियों, हेल्थ एमडी और अधिकारियों के साथ बैठक हुई है, जिसमें सकारात्मक नतीजे सामने आए हैं।
मंत्री की अपील
जायसवाल ने दोहराया कि NHM कर्मचारी राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था का अहम हिस्सा हैं। सभी को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए तुरंत ड्यूटी पर लौटना चाहिए, ताकि आम लोगों को इलाज में परेशानी का सामना न करना पड़े।



