
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा पूर्व से परिवर्तित (डाइवर्टेड) भूमि को किसी अन्य मद में बदलने के लिए तैयार किया गया विशेष ऑनलाइन मॉड्यूल आज से ‘सेवा सेतु’ पोर्टल पर लाइव हो गया है। इस नई डिजिटल पहल के शुरू होने से अब राज्य के नागरिकों को जमीन का मद बदलने (लैंड यूज चेंज) के लिए बार-बार राजस्व दफ्तरों के चक्कर काटने से मुक्ति मिलेगी। नागरिक अपने मोबाइल या कंप्यूटर के जरिए सीधे ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे, जिससे पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और मामलों का तेजी से निपटारा संभव हो सकेगा।
ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया का दायरा
पोर्टल पर ऑनलाइन सुविधा शुरू होने के साथ ही राज्य सरकार ने यह स्पष्ट रखा है कि फिलहाल ऑफलाइन प्रक्रिया को पूरी तरह बंद नहीं किया गया है। जब तक नागरिक इस नई डिजिटल व्यवस्था से अच्छी तरह परिचित नहीं हो जाते, तब तक संबंधित एसडीएम या राजस्व कार्यालयों में ई-कोर्ट (eCourt) व्यवस्था के जरिए पूर्व की तरह ऑफलाइन आवेदन भी स्वीकार किए जाते रहेंगे।



