
Durg Crime News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 59 साल के बुजुर्ग पर तीन छोटी मासूम बच्चियों के साथ यौन उत्पीड़न करने का गंभीर आरोप लगा है। आरोपी पड़ोस में ही खाने-पीने की छोटी दुकान चलाता है। इस घिनौनी वारदात की खबर जैसे ही इलाके में फैली, स्थानीय निवासियों में भारी गुस्सा देखने को मिला। पुलिस ने शिकायत मिलते ही आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
नड्डा खिलाने का लालच देकर घर बुलाया, फिर की घिनौनी करतूत
Durg News: मिली जानकारी के अनुसार आरोपी अपनी दुकान पर नड्डा, मुरकू और टॉफी जैसी चीजें बेचता है। उसने पास में रहने वाली तीन छोटी बच्चियों को नड्डा और खाने-पीने का लालच देकर अपने घर बुलाया। जब बच्चियां उसके झांसे में आ गईं, तो उसने बंद कमरे में उनके साथ गलत काम किया। घटना के बाद बदहवास हालत में बच्चियां अपने घर पहुंचीं और रोते हुए परिजनों को पूरी बात बताई। बच्चियों की आपबीती सुनकर परिजनों के पैर तले जमीन खिसक गई।
परिजनों की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता के परिजन तुरंत बच्चियों को लेकर छावनी थाने पहुंचे। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत ऐक्शन लिया और आरोपी के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट समेत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया। केस दर्ज होते ही पुलिस की टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
देर रात करणी सेना ने किया थाने का घेराव, जुलूस निकालने की मांग
इस घटना का पता चलते ही देर रात करणी सेना के कार्यकर्ता आक्रोशित होकर छावनी थाने पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर जमकर नारेबाजी की और आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग रखी। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि आरोपी का शहर में जुलूस निकाला जाए ताकि समाज में ऐसा अपराध करने वालों के मन में खौफ पैदा हो सके। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में बच्चों की सुरक्षा पुख्ता करने के लिए ठोस कदम उठाने का आग्रह किया।
पुलिस का बयान: आरोपी गिरफ्तार, मेडिकल जांच प्रक्रिया जारी
मामले पर सीएसपी छावनी प्रशांत पैकरा ने आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार को तीन नाबालिगों के साथ गलत काम करने की शिकायत सामने आई थी। पीड़ितों के परिवार वालों की रिपोर्ट पर तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी दुकान संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल सभी पीड़ित बच्चियों का मेडिकल चेकअप करवा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही तेजी से पूरी की जा रही है।



